Padma Awards: आर माधवन और अल्का याग्निक को मिलेगा पद्मश्री, धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण
भारत सरकार हर साल की तरह पद्म पुरस्कारों की घोषणा इस बार भी गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई है। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाने वाले इन पुरस्कारों के जरिए कला, सिनेमा, संगीत, रंगमंच और लोक संस्कृति में अतुलनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष की सूची सामने आने के बाद भारतीय कला और फिल्म जगत में उत्साह के साथ भावुक माहौल भी देखने को मिल रहा है।

इस बार का पद्म विभूषण सम्मान हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देने का फैसला किया गया है। 24 नवंबर 2025 को उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में जो खालीपन आया, वह आज भी महसूस किया जा रहा है। अपने लंबे करियर में धर्मेंद्र ने अभिनय, एक्शन और रोमांस-तीनों में अमिट छाप छोड़ी। उनके साथ ही विश्वप्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में बॉलीवुड की मशहूर पार्श्व गायिका अल्का याग्निक और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी का नाम शामिल है। इसके अलावा विज्ञापन जगत के स्तंभ और 'भारत के ऐडमैन' कहे जाने वाले पीयूष पांडे को भी मरणोपरांत पद्म भूषण देने की घोषणा की गई है।
कला और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनेता आर. माधवन को पद्मश्री से नवाजा जा रहा है। इसी श्रेणी में अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी, अरविंद वैद्या, मुरली मोहन और दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को भी सम्मानित किया गया है। संगीत जगत में गायकों भरत सिंह भारती, तागा राम भील, तृप्ति मुखर्जी, लोक गायिका पोखलिया लेकथेपी, संगीतकार तरुण भट्टाचार्य और कुमार बोस को पद्मश्री प्रदान किया गया है।
इसके अलावा वायलिन वादक डॉ. गायत्री बालासुब्रमण्यम और रंजनी बालासुब्रमण्यम की जोड़ी, तबला वादक थिरुवरुर भक्तावत्सलम, नर्तक बिस्वा बंधु, नृत्यांगना और कोरियोग्राफर दीपिका रेड्डी तथा रंगमंच कलाकार सिमांचल पात्रो को भी इस सम्मान से नवाजा गया है।
लोक कला और पारंपरिक संगीत को जीवित रखने वाले कलाकारों जैसे भपंग वादक गफरुद्दीन मेवाती जोगी, तारपा वादक भिक्ल्या लाडक्या धिंडा, तमाशा कलाकार रघुवीर तुकाराम खेडकर, तेलुगू अभिनेता गड्डे बाबू राजेंद्र प्रसाद और लोक नाटक से जुड़े सैंगयुसैंग एस पोंगेनर को भी पद्मश्री मिला है। वहीं, फिल्म निर्देशक आर. कृष्णन और संगीतकार गरिमेला बालाकृष्ण प्रसाद को मरणोपरांत सम्मानित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications