प्रमिती राणा बनीं Miss Universe Delhi 2026, अब राष्ट्रीय मंच पर करेंगी दिल्ली का प्रतिनिधित्व
Miss Universe 2026: विश्व की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स के अगले संस्करण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी कड़ी में दिल्ली की युवा कंटेस्टेंट प्रमिती राणा ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 'मिस यूनिवर्स दिल्ली 2026' का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में बतौर फाइनलिस्ट अपनी जगह पक्की कर ली है।
मिस यूनिवर्स इंडिया की राह पर बढ़ीं प्रमिती राणा
राजधानी दिल्ली में आयोजित आधिकारिक राज्य स्तरीय ऑडिशन में प्रमिती राणा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के दम पर जजों को प्रभावित किया और प्रतियोगिता में विनर बनकर उभरीं। अब वह राष्ट्रीय मंच पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।

प्रमिती राणा ने ऐसे हासिल की सफलता
-मिस यूनिवर्स इंडिया द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों में आधिकारिक ऑडिशन आयोजित किए जाते हैं। दिल्ली में हुए इस ऑडिशन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इन प्रतिभागियों का मूल्यांकन पर्सनैलिटी, कम्युनिकेशन स्किल, कॉन्फिडेंस, प्रेजेंटेशन और नॉलेज के आधार पर किया गया। कड़े मुकाबले के बाद प्रमिती राणा ने विनर का ताज अपने नाम किया।
-इस अवसर पर जज के रूप में मिस यूनिवर्स इंडिया के संस्थापक निखिल आनंद, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा और मिस यूनिवर्स इंडिया के निदेशक निशांत आनंद मौजूद थे।
खिताब जीतने के बाद क्या बोलीं प्रमिती राणा?
-मिस यूनिवर्स दिल्ली 2026 बनने के बाद प्रमिती राणा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये उपलब्धि उनके कई सालों की मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ये जीत उनके इस कठिन सफर का एक अहम पड़ाव है और वह इस स्टेज का इस्तेमाल युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करने में करना चाहती हैं।
-प्रमिती राणा ने बताया कि उन्हें पहले भी कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ काम करने का अवसर मिल चुका है। इन अनुभवों ने उनके व्यक्तित्व, पेशेवर कौशल और मंच पर प्रदर्शन को और अधिक मजबूत बनाया है।
मिस यूनिवर्स इंडिया के आयोजकों ने जताया भरोसा
मिस यूनिवर्स इंडिया के संस्थापक निखिल आनंद ने कहा कि दिल्ली राज्य ऑडिशन के विजेता को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीधा प्रवेश दिया जाता है। उनके अनुसार ये मंच युवा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली लगातार तीसरे साल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए आधिकारिक राज्य स्तरीय ऑडिशन की मेजबानी कर रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
माणिका विश्वकर्मा ने कही ऐसी बात
वहीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा ने भी प्रमिती राणा की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली की प्रतिभागियों में अपार क्षमता देखने को मिलती है और प्रमिती में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने की पूरी संभावनाएं मौजूद हैं।
कौन हैं प्रमिती राणा?
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-14 की रहने वाली प्रमिती राणा 20 साल की युवा प्रोफेशनल हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा एमबीएस इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली से पूरी की है। शिक्षा के बाद उन्होंने एविएशन क्षेत्र में कदम रखा और वर्तमान में इंडिगो के साथ केबिन अटेंडेंट के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही प्रमिती कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) की ट्रेनिंग भी ले रही हैं। उनका सपना एक सफल पायलट बनने का है और वह एविएशन और फैशन दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
डांस, स्केटिंग और मॉडलिंग में भी हैं माहिर
प्रमिती राणा का झुकाव बचपन से ही परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर रहा है। उन्हें डांस और एक्टिंग में विशेष रुचि है। उन्होंने पांच अलग-अलग प्रकार के डांस की ट्रेनिंग ली है और स्केटिंग में भी दक्षता हासिल की है। उनका मानना है कि इन गतिविधियों ने उनके आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और मंच पर प्रस्तुति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। फैशन इंडस्ट्री में भी प्रमिती राणा का अच्छा अनुभव है। वह कई नामी ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं और कमर्शियल व रनवे मॉडलिंग में एक्टिव रही हैं।
सुष्मिता सेन और लारा दत्ता की तरह बनने का सपना
मिस यूनिवर्स कंपिटीशन भारत के लिए हमेशा से गौरव का मंच रहा है। इसी प्रतियोगिता में भारत को दो बार विश्व विजेता मिले हैं। साल 1994 में सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया था। अब प्रमिती राणा भी उसी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही हैं। उनकी ये उपलब्धि न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बन रही है।












Click it and Unblock the Notifications