Patrick Stewart Death: 'एक्स-मैन'-'स्टार ट्रेक' के एक्टर पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन, 86 की उम्र में कैसे हुई मौत
Patrick Stewart Death: हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। 'एक्स-मैन' (X-Men) और 'स्टार ट्रेक' (Star Trek) जैसी मशहूर फ्रेंचाइजी में अपने शानदार अभिनय से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले दिग्गज एक्टर सर पैट्रिक स्टीवर्ट की मौत हो गई है। एक्टर के निधन की खबर ने उनके फैंस को इमोशनल कर दिया है।
पैट्रिक स्टीवर्ट की 86 की उम्र में हुई मौत
86 साल की उम्र में पैट्रिक स्टीवर्ट ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि आखिरी वक्त में उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ मौजूद थे। वह कुछ समय से अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। एक्टर के निधन की खबर सामने आने के बाद हॉलीवुड स्टार्स से लेकर दुनियाभर के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

परिवार ने सोशल मीडिया पर दी निधन की जानकारी
-सर पैट्रिक स्टीवर्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनके निधन की जानकारी शेयर की गई है। परिवार की ओर से जारी मैसेज में बताया गया है कि एक्टर ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उस समय उनकी पत्नी सनी ओजेल उनके साथ थीं।
-परिवार के मुताबिक जीवन के अंतिम दिनों में पैट्रिक स्टीवर्ट अपने करीबी लोगों और दोस्तों के बीच रहे। उनके आसपास संगीत, प्रार्थनाओं और अपनों का प्यार मौजूद था। परिवार ने उनके शांत और सहज व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि एक्टर की यादें हमेशा उनके चाहने वालों के दिलों में जिंदा रहेंगी।
छह दशक तक रंगमंच, टीवी और फिल्मों में किया काम
-पैट्रिक स्टीवर्ट का जन्म इंग्लैंड के वेस्ट राइडिंग ऑफ यॉर्कशायर के मिरफील्ड में हुआ था। एक्टिंग की दुनिया में उन्होंने अपनी पहचान सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों तक सीमित नहीं रखी बल्कि थिएटर और टेलीविजन में भी शानदार काम किया।
-पैट्रिक स्टीवर्ट का करियर करीब छह दशकों तक फैला रहा। रॉयल शेक्सपियर कंपनी से अपने अभिनय सफर को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने ब्रॉडवे, फिल्मों और टेलीविजन तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी दमदार आवाज, प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की खास शैली ने उन्हें मनोरंजन जगत के सबसे सम्मानित कलाकारों में शामिल कर दिया।
'प्रोफेसर एक्स' बनकर दुनिया भर में हुए मशहूर
-पैट्रिक स्टीवर्ट को सबसे ज्यादा लोकप्रियता मार्वल की 'एक्स-मैन' फ्रेंचाइजी में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर यानी प्रोफेसर एक्स का किरदार निभाकर मिली। इस भूमिका में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। वह इस किरदार के जरिए सुपरहीरो फिल्मों की दुनिया का एक अहम चेहरा बन गए।
-इसके अलावा 'स्टार ट्रेक' सीरीज में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड के रूप में भी उन्होंने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। इन दोनों किरदारों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई। आज भी उनके निभाए किरदार सिनेमा और पॉप कल्चर का अहम हिस्सा माने जाते हैं।
ह्यू जैकमैन ने दी भावुक श्रद्धांजलि
-पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन की खबर से उनके एक्स-मैन को-स्टार ह्यू जैकमैन भी बेहद भावुक नजर आए। फिल्म फ्रेंचाइजी में वूल्वरिन का किरदार निभाने वाले ह्यू ने सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा कर उन्हें याद किया।
-ह्यू जैकमैन लिखा कि आज दुनिया ने मंच और पर्दे का एक महान कलाकार खो दिया है। उनके लिए पैट्रिक सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता नहीं, बल्कि शानदार दोस्त और इंसान भी थे। ह्यू ने यह भी कहा कि उन्होंने पैट्रिक से बहुत कुछ सीखा है और वह उन्हें हमेशा याद करेंगे।
सिंगर सनी ओजेल और दो बच्चों को छोड़ गए पैट्रिक
पैट्रिक स्टीवर्ट के परिवार की बात करें तो उनकी तीसरी पत्नी सिंगर सनी ओजेल हैं। दोनों ने साल 2013 में शादी की थी। इससे पहले एक्टर की शादी एक्ट्रेस शीला फाल्कनर से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे डैनियल और सोफिया हैं। पैट्रिक अपने पीछे एक शानदार अभिनय विरासत छोड़ गए हैं, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
पैट्रिक स्टीवर्ट की आखिरी फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे'
पैट्रिक स्टीवर्ट की अपकमिंग फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' (Avengers: Doomsday) भी काफी चर्चा में है। ये फिल्म 17 दिसंबर 2026 को भारत में रिलीज होने वाली है। फिल्म में पैट्रिक स्टीवर्ट की मौजूदगी उनके फैंस के लिए खास होने वाली है। उनके लंबे फिल्मी सफर के बाद यह प्रोजेक्ट उनके करियर से जुड़ी अहम फिल्मों में गिना जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
