आयुष्मान खुराना की 'पति पत्नी और वो दो' की रिलीज डेट बदली, 'धुरंधर 2' बनी वजह
आयुष्मान खुराना आखिरी बार साल 2025 की हॉरर-कॉमेडी 'थामा' में नजर आए थे। अब वह अपनी हिट फिल्म 'पति पत्नी और वो' के सीक्वल के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले हैं। इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल का नाम 'पति पत्नी और वो दो' रखा गया है, जिसका फैंस काफी समय से इंतजार कर रहे हैं।

साल 2019 में रिलीज हुई 'पति पत्नी और वो' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इसी सफलता के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे भाग का ऐलान किया था। खास बात यह है कि पहले पार्ट की तरह इस बार भी निर्देशन की कमान मुदस्सर अजीज ही संभाल रहे हैं।
होली पर रिलीज का था प्लान
मेकर्स ने कुछ समय पहले 'पति पत्नी और वो दो' की रिलीज डेट का एलान करते हुए इसे 4 मार्च यानी होली के मौके पर सिनेमाघरों में लाने की तैयारी की थी। इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट भी हो चुकी थी, जिससे दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई थी।
अब क्यों टली रिलीज डेट
हालांकि अब फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्ट-प्रोडक्शन का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है और एक गाने की शूटिंग भी बाकी है। मेकर्स किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते और चाहते हैं कि फिल्म पूरी तरह से तैयार होकर ही दर्शकों के सामने आए।
मेकर्स का फोकस क्वालिटी पर
सूत्रों के अनुसार, टीम इस बात को लेकर बेहद सतर्क है कि फाइनल आउटपुट दर्शकों के लिए पूरी तरह एंटरटेनिंग हो। इसी वजह से रिलीज को टालने का निर्णय लिया गया है। फिल्म की नई रिलीज डेट जल्द घोषित किए जाने की उम्मीद है। आयुष्मान खुराना के साथ इस फिल्म में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। कॉमेडी और रोमांस से भरपूर यह फिल्म रिश्तों और उलझनों की एक नई कहानी पेश करेगी। 'पति पत्नी और वो दो' को भूषण कुमार और रेनू रवि चोपड़ा प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि क्रिएटिव प्रोडक्शन की जिम्मेदारी जूनो चोपड़ा संभाल रही हैं। अब दर्शकों को बस नई रिलीज डेट के ऐलान का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications