Panchayat 4 Release Date: 'प्रधान जी को गोली किसने मारी'?, अब मिलेगा सही जवाब, जुलाई में आएगा 'पंचायत 4'
Panchayat 4 Release Date: पंचायत एक ऐसी वेब सीरीज, जिसके हर नए सीजन के लिए दर्शक बेताब होते हैं। इस सीरीज के तीन सीजन अब तक रिलीज हो चुके हैं। अब इसके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने पंचायत सीजन 4 का ऐलान कर दिया है।
इस सरीज फ्रैंचाइज को शुरू हुए पूरे 5 साल हो गए हैं। पहला सीजन लॉकडाउन यानी 2020 में आया था। पांच साल पूरे होने की खुशी में ये खास तोहफा मिला है। अब सीजन 4 इस साल 2 जुलाई से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। जहां फिर से गांव की वही दिल छू लेने वाली कहानी और अपने पसंदीदा किरदारों का मजेदार सफर देखने को मिलेगा।

पंचायत सीरीज दर्शकों की फेवरेट सीरीज है। चाहे सचिव जी हों या बनराकस, हर एक किरदार की दुनिया दिवानी है। सीरीज के तीसरे पार्ट का अंत, प्रधान जी पर गोली लगने के बाद हुआ था। जहां अस्पताल के बाहर सचिव जी बनराकस और बाकी लोगों की पिटाई करते हैं। अंत में ये सवाल छूटता है कि आखिर गोली किसने मरवाई है। अनुमान है कि सीजन 4 में इसी प्रश्न का उत्तर मिलेगा। साथ ही सचिव जी का रिंकी से प्रेम परवान चढ़ता भी देखने को मिल सकता है। हालांकि इस सीजन में क्या होगा, ये तो वक्त ही बताएगा।
अब सीजन 4 में और भी ज्यादा ड्रामा, ठहाके और इमोशनल मोमेंट्स मिलने वाले हैं, जो फुलेरा की इस दुनिया को फैंस के और करीब ले आएंगे। पंचायत एक कॉमेडी-ड्रामा है, जो अभिषेक की कहानी दिखाता है। अभिषेक, जो एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है, कम जॉब ऑप्शंस की वजह से यूपी के एक दूर-दराज गांव में पंचायत ऑफिस के सेक्रेटरी की नौकरी पकड़ लेता है। अब आने वाले सीजन में देखिए कैसे अभिषेक, प्रधान जी और फुलेरा के प्यारे लोग नई चुनौतियों से जूझते हैं और मजेदार किस्सों में उलझते नज़र आएंगे।
पंचायत सीजन 4 में वही पसंदीदा स्टारकास्ट वापस लौट रही है, जिसमें जीतेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सान्विका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा शामिल हैं।
पंचायत सीजन 4 को द वायरल फीवर (TVF) ने प्रोड्यूस किया है। इसे दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने बनाया है, जबकि चंदन कुमार ने इसकी कहानी लिखी है। निर्देशन की कमान दीपक कुमार मिश्रा और अक्षत विजयवर्गीय ने संभाली है।












Click it and Unblock the Notifications