'वो थप्पड़ मार गए और तुम...' जावेद अख्तर का नाम लिए बिना अली जफर ने शेयर किया पोस्ट, बुरी तरह से हुए थे ट्रोल
जावेद अख्तर के सम्मान में पोस्ट शेयर करने के बाद अली जफर को जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद सिंगर ने लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर कर सफाई दी है।

इन दिनों गायक अली जफर को पाकिस्तान में जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों फैज फेस्टिवल में जावेद अख्तर के सम्मान में पोस्ट करना उन्हें अब बहुत ही ज्यादा भारी पड़ रहा है। अब इतनी ट्रोलिंग झेलने के बाद अली जफरने जावेद अख्तर का नाम लिए बिना फैंस के साथ एक पोस्ट शेयर किया है। सिंगर ने कहा कि पाकिस्तान आंतकवाद से लगातार पीड़ित रहा है। असंवेदनशील टिप्पणी से लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंच सकती है। इसके अलावा भी सिंगर ने अपने देश को लेकर काफी कुछ कहा है। उनका ये बयान अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बुरी तरह ट्रोल हुए अली जफर
जावेद अख्तर के सम्मान में पोस्ट करने के बाद पाकिस्तान में ही अली जफर की कड़ी आलोचना होने लगी। मामले को लेकर अली जफर ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक पाकिस्तानी हूं और स्वाभाविक रूप से कोई भी पाकिस्तानी अपने देश का लोगों के खिलाफ किसी भी बयान की सराहना नहीं करेगा। हम सभी लोग जानते हैं कि आतंकवाद के चलते पाकिस्तान ने कितना कुछ झेला और अब भी भुगत ही रहा है। इस तरह के असंवेदनशील और अनावश्यक टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
'मैं प्राउड पाकिस्तानी हूं'
सिंगर ने आगे कहा कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं और असल में आपकी प्रशंसा और आलोचना को भी समान रूप से महत्व देता हूं। लेकिन मैं हमेशा से एक बात की गुजारिश करता हूं कि किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूर कर लें। सिंगर ने सफाई देते हुए कहा कि मैं फैज उत्सव में मौजूद नहीं था और न ही अगले दिन तक मुझे मालूम था कि क्या कहा गया था। इसके अलावा सिंगर ने खुद को प्राउड पाकिस्तानी भी बताया है।

जावेद अख्तर ने किस बयान पर हंगामा?
दरअसल, जावेद अख्तर पाकिस्तान में फैज फेस्टिवल 2023 में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने तो नुसरत और मेहदी हसन के बड़े-बड़े फंक्शन किए लेकिन आपके मुल्क में तो लता मंगेशकर का एक भी फंक्शन नहीं हुआ। हकीकत ये है कि हम एक दूसरे पर इल्जाम ना दें, अहम बात है कि आजकल जो फिजा इतनी गर्म है, वो कम होनी चाहिए।
अली जफर ने दिया था सम्मान
अख्तर ने आगे कहा कि हम तो बंबई के लोग हैं, हमने देखा हमारे शहर पर कैसे हमला हुआ था। वो लोग नॉर्वे से तो आए नहीं थे, ना ही इजिप्ट से आए थे। वो लोग आपके मुल्क में अभी भी घूम रहे हैं। तो ये शिकायत कि अगर हर हिंदुस्तानी के दिल में है तो आपको बुरा नहीं मानना चाहिए। इसके बाद फंक्शन के तुरंत बाद ही अली जफर ने जावेद अख्तर के साथ एक वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने इसके साथ लिखा कि आपको होस्ट करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं हमेशा से मानता हूं कि आर्ट और म्यूजिक की कोई बाउंड्री नहीं होती।
आलोचना के बाद अली को देनी पड़ी सफाई
अली जफर के इस पोस्ट के बाद पाकिस्तान में उनकी जमकर आलोचना होने लगी। इस आलोचना के बाद सिंगर और एक्टर को तुरंत ही सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सफाई देनी पड़ी। हालांकि, पोस्ट में उन्होंने कहीं पर भी जावेद अख्तर के नाम की जिक्र तक नहीं किया। लेकिन अब सिंगर का ये प्राउड पाकिस्तानी वाला पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications