Sanjay Chouhan Dies: फिल्मी जगत से आई बुरी खबर, 'पान सिंह तोमर' के लेखक का लंबी बीमारी से हुआ निधन
पान सिंह तोमर जैसी शानदार फिल्म के लेखक संजय चौहान अब इस दुनिया में नहीं रहे। फिल्ममेकर धूप अश्विनी ने उनके निधन की जानकारी दी है।

Sanjay Chouhan Passes Away: एंटरटेनमेंट की दुनिया से फिर एक बार बुरी खबर सामने आई है। लंबे समय से बीमार 'पान सिंह तोमर' और 'आइ एम कलाम' जैसी फिल्मों के लेखक संजय चौहान का निधन हो गया है। संजय की उम्र 62 साल थी और वे लिवर की बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांसे लीं।
बताते चलें कि संजय चौहान पिछले 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन के बाद फिल्मी जगत के कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि 13 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फिल्म 'पान सिंह तोमर' और 'आइ एम कलाम' के अलावा संजय ने कई फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'साहेब बीवी और गैंगस्टर', 'मैंने गांधी को नहीं मारा' और 'धूप' जैसी फिल्में लिखी हैं। उनके काम को कई बार सराहा भी गया है।
संजय चौहान के निधन की जानकारी फिल्ममेकर धूप अश्विनी ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने संजय की तस्वीर के साथ एक शोक संदेश भी लिखा था। इसमें लिखा गया था कि हमने कल रात संजय भाई को खो दिया। शांति से यात्रा करो, दोस्त।
We lost Sanjay bhai last night. Journey on in peace, dost. pic.twitter.com/3nQmQHe4Em
— DHOOPASHWINI (@DhoopAshwini) January 13, 2023
संजय चौहान लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे और उन्हें लगभग 10 दिन पहले ही इंटरनल ब्लीडिंग के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दे कि लेखक का जन्म भोपाल में हुआ था और उन्होंने जेएनयू से ग्रेजुएशन के बाद दिल्ली में एक पत्रकार के तौर पर अपना करियर शुरू किया। इसके बाद वे मुंबई चले गए और 1990 के दशक के अंत में उन्होंने सोनी टीवी के लिए एक क्राइम टीवी सीरियल 'भंवर' लिखा।












Click it and Unblock the Notifications