Ramayana देखकर निराश हुए महाभारत के 'श्रीकृष्ण' नितीश भारद्वाज, रणबीर कपूर-यश की फिल्म पर लगाए गंभीर आरोप
Nitish Bharadwaj On Ramayana: बीआर चोपड़ा के टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' को लेकर अपना रुख बदल लिया है। ट्रेलर देखने के बाद उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की थी और यहां तक कहा था कि इसे बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए ऑस्कर मिल सकता है लेकिन अब पूरी फिल्म देखने के बाद वह इससे बेहद निराश हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी तारीफ वापस लेते हुए मेकर्स की कहानी और रावण के चित्रण पर सवाल उठाए हैं।
फिल्म 'रामायण' रिलीज के बाद से ही चर्चा में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म के भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के लुक को लेकर दर्शकों के बीच लगातार बहस हो रही है। अब इस चर्चा में नितीश भारद्वाज का बयान भी जुड़ गया है। उन्होंने फिल्म में यश (Yash) के रावण वाले किरदार को लेकर आपत्ति जताई है। उनका मानना है कि रावण को जिस तरह पेश किया गया है, उससे रामायण के मूल नैतिक संदेश और आध्यात्मिक विचार कमजोर पड़ते हैं।

'रामायण के मूल नैतिक ढांचे को बदल देती है फिल्म'
-नितीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रामायण महज मनोरंजन के लिए सुनाई जाने वाली कहानी नहीं है बल्कि ये भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक इस महाकाव्य के हर चरित्र के पीछे एक खास उद्देश्य और विचार है इसलिए उनके मूल स्वरूप और महत्व के साथ छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए।
-एक्टर ने अपने पोस्ट में लिखा कि भगवान विष्णु ने धर्म की रक्षा और मर्यादा की स्थापना के लिए राम के रूप में अवतार लिया था। ऐसे में रावण को बेहद उदार, सामाजिक न्याय का समर्थक और निष्पक्ष शासक दिखाना उन्हें सही नहीं लगा। उनके अनुसार इस तरह का चित्रण रामायण के नैतिक ढांचे को बदल देता है और भगवान राम के अवतार के मूल उद्देश्य को भी कमजोर करता है।
'मैं फिल्म से बहुत दुखी और निराश हूं'
-नितीश भारद्वाज ने फिल्म देखने के बाद अपनी पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट वापस लेने की बात भी कही। उन्होंने साफ किया कि ट्रेलर देखने के बाद उन्होंने जिस उत्साह के साथ फिल्म की तारीफ की थी, पूरी फिल्म देखने के बाद उनकी राय बिल्कुल बदल गई है।
-एक्टर ने लिखा- मैं इस फिल्म से बहुत दुखी और निराश हूं। मैं इसके बारे में की गई अपनी पिछली पोस्ट वापस लेता हूं। मुझे इस फिल्म के बारे में कहने के लिए एक भी अच्छी बात नहीं मिल रही है। VFX का दिखावा कभी भी इस महाकाव्य के मूल मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह नहीं ले सकता।
-उन्होंने आगे कहा कि उनकी राय में ये फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के योग्य नहीं है क्योंकि इसकी कहानी भारत के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती है।
ट्रेलर देखकर फिल्म को बताया था ऑस्कर का दावेदार
-दिलचस्प बात ये है कि नितीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद मेकर्स की तारीफ में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने फिल्म के भव्य पैमाने, प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी, विजुअल इफेक्ट्स और संगीत की तारीफ की थी। साथ ही निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा को इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए बधाई दी थी।
-उस समय एक्टर ने सोशल मीडिया पर लिखा था- बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए 100% ऑस्कर। नमित बधाई। सत्यजीत राय और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी वर्ल्ड सिनेमा को भारत का अगला तोहफा हैं। उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन और सिनेमैटोग्राफी को भी कई पुरस्कारों का हकदार बताया था। इसके अलावा VFX और AI की मदद से तैयार किए गए पीरियड क्रिएशन की तारीफ करते हुए उन्होंने संगीतकार हैंस जिमर का भारतीय सिनेमा के साथ जुड़ने के लिए शुक्रिया अदा किया था।
रणबीर कपूर और यश की भी की थी जमकर तारीफ
-नितीश भारद्वाज ने ट्रेलर के बाद रणबीर कपूर और यश की भी खूब प्रशंसा की थी। उन्होंने रणबीर की तुलना रणवीर सिंह से करते हुए दोनों को आने वाले समय के ऐसे कलाकार बताया था, जिन्हें टक्कर देना आसान नहीं होगा। वहीं यश का ग्लोबल सिनेमा में स्वागत करते हुए उनके अभिनय और स्टारडम की तारीफ की थी।
-हालांकि रणबीर कपूर को लेकर उनकी एक सलाह भी चर्चा में रही थी। उन्होंने अभिनेता से कहा था कि भगवान राम का किरदार निभाने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। 'एनिमल' में रणबीर कपूर के किरदार का जिक्र करते हुए नितीश ने उम्मीद जताई थी कि अब अभिनेता ऐसी कहानियों का चुनाव करें जो भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को बेहतर तरीके से सामने लाएं।
फिल्म को लेकर फिर शुरू हुई बहस
नितीश भारद्वाज की बदली हुई राय ने 'रामायण' को लेकर चल रही बहस को एक नया मोड़ दे दिया है। खास बात ये है कि एक्टर खुद बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभा चुके हैं और पौराणिक कथाओं से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। ऐसे में फिल्म के चित्रण पर उनकी आपत्ति चर्चा का विषय बन गई है।


Click it and Unblock the Notifications
