Welcome 4: अक्षय कुमार की 'वेलकम 4' में हुई OG स्टार्स की एंट्री, सुनील शेट्टी ने कह दी ये बात
कॉमेडी फिल्म 'वेलकम' फ्रेंचाइज़ी के फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'वेलकम 3' यानी 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज से पहले ही मेकर्स ने 'वेलकम 4' पर काम शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस फिल्म में एक बार फिर नाना पाटेकर, परेश रावल और अनिल कपूर की मशहूर तिकड़ी नजर आ सकती है। इन तीनों कलाकारों के किरदारों ने पहली फिल्म में दर्शकों को खूब हंसाया था, इसलिए उनकी वापसी की खबर से फैंस काफी उत्साहित हैं।

फिर दिखेंगे उदय शेट्टी और मजनू भाई
2007 में आई पहली 'वेलकम' फिल्म ने उदय शेट्टी और मजनू भाई जैसे किरदारों को बेहद लोकप्रिय बना दिया था। इसके बाद 2015 में इसका दूसरा भाग भी रिलीज हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला और उनकी टीम 'वेलकम 4' की स्क्रिप्ट पर अंतिम चरण में काम कर रही है। इस फिल्म में नाना पाटेकर उदय शेट्टी, परेश रावल मजनू भाई और अनिल कपूर डॉ. घुंघरू के किरदार में वापसी कर सकते हैं।
परेश रावल को मिलेगा नया ट्विस्ट
दिलचस्प बात यह है कि 'वेलकम टू द जंगल' में परेश रावल एक अलग किरदार में नजर आएंगे। लेकिन 'वेलकम 4' की कहानी में उन्हें फिर से मजनू भाई के रूप में दिखाया जाएगा और उनके किरदार को नई पृष्ठभूमि दी जाएगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में कई मजेदार डॉन, कॉमेडी, ग्लैमर और एक्शन का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। इसके लिए मेकर्स कई बड़े कलाकारों से बातचीत भी कर रहे हैं।
सुनील शेट्टी ने जताई खुशी
इस खबर के सामने आने के बाद अभिनेता सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि अफरा-तफरी के इस दौर में कुछ खबरें दिल को सुकून देती हैं। उन्होंने नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल की वापसी को 'वेलकम यूनिवर्स की असली दीवानगी' बताया। सुनील शेट्टी खुद भी 'वेलकम टू द जंगल' का हिस्सा हैं।
'वेलकम टू द जंगल' में बड़ी स्टारकास्ट
'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पटानी, आफताब शिवदासानी और राजपाल यादव सहित 30 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म पहले पिछले साल रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज कई बार टल चुकी है।
रिलीज डेट का इंतजार
पिछले साल क्रिसमस के दौरान अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर बताया था कि यह उनके करियर का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। उन्होंने फैंस को इसे एक खास तोहफे के रूप में देने की बात कही थी। हालांकि, 'वेलकम टू द जंगल' की नई रिलीज डेट अभी तक आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications