'चलो नसीरुद्दीन का तो धर्म है...' जब रत्ना पाठक पर बुरी तरह से भड़क उठे थे मुकेश खन्ना, 'मूर्ख' कहकर लताड़ा
हाल ही में मुकेश खन्ना ने नसीरुद्दीन शाह के एक बयान को लेकर उन्हें खरी खोटी सुनाई। इससे पहले वे शाह की पत्नी रत्ना पाठक पर भी भड़क चुके हैं। एक्टर ने पाठक को मूर्ख बताकर पूछा था कि क्या उनपर धर्म हावी हो गया है?

Mukesh Khanna Video: हाल ही में फिल्म द केरला स्टोरी को लेकर हंगामा मचने पर इस बहस में बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह भी कूद पड़े। नसीरुद्दीन शाह ने फिल्म की सफलता को खतरनाक ट्रेंड बताते हुए इसकी तुलना नाजी जर्मनी से कर डाली। इस पर मशहूर कैरेक्टर शक्तिमान का रोल प्ले करने वाले मुकेश खन्ना शाह पर बुरी तरह से भड़क उठे। इससे पहले मुकेश खन्ना ने शाह की पत्नी रत्ना पाठक को खरी-खोटी सुनाई थी।
रत्ना पाठक ने क्या कहा था?
दरअसल, एक इंटरव्यू के दौरान रत्ना पाठक ने करवाचौथ को रूढ़िवादी बताया था। रत्ना से जब पूछा गया कि क्या वे अपने पति के लिए करवाचौथ व्रत रखती हैं। तो पाठक ने इसके जवाब में कहा कि मैं क्या पागल हूं जो ऐसे व्रत रखूंगी? ये हैरानी भरा है कि पढ़ी लिखी महिलाएं भी ऐसा करती हैं।
बुरी तरह से भड़के मुकेश खन्ना
इसके जवाब में मुकेश खन्ना ने भड़कते हुए रत्ना पाठक को आईना दिखा दिया था। एक्टर ने शाह की पत्नी को मूर्ख बताते हुए कहा था कि नसीरुद्दीन शाह... एक बेहतरीन एक्टर... मैं कह सकता हूं। अपने काम में व्यस्त रहते हैं। लेकिन पता नहीं कभी कभी धर्म क्या बीच में आ जाता है। ये गैर जिम्मेदाराना बयान दे देते हैं।
'उन्होंने पाठक को क्यों जिंदा रखा?'
जो बात नसीरुद्दीन शाह कहते हैं, समझ सकता हूं। उनका धर्म है। लेकिन जो बात उनकी पत्नी कहती है, उसे मैं धर्म नहीं मान सकता। उन्होंने अपने नाम के आगे पाठक शाह रखा है। यानी उन्होंने पाठक को जिंदा रखा है। ऐसे में पाठक को जिंदा रखने के बाद भी वे ऐसी बचकानी बात कह गई हैं।
एक्टर ने पढ़ाया 'करवाचौथ' का पाठ
मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि आप क्या समझती हैं, आप पढ़ी-लिखी हैं? आपको पता है, पढ़ी-लिखी औरतें छोड़िये, गांव की औरतें छोड़िये, अनपढ़ औरतें छोड़िये, बड़े घरों की औरतें तक करवाचौथ रखने में गर्व महसूस करती हैं। इस खूबसूरत त्योहार को आप अंधविश्वास कहती हो। चलिये अंधविश्वास ही सही। लेकिन अगर पत्नी अंधविश्वास में रहकर भी अपने पति के सुख के लिए अपने पति की जिंदगी के लिए एक दिन का व्रत रखती है तो इससे ज्यादा खूबसूरत बात क्या हो सकती है?
'क्या धर्म हावी हो गया है?'
एक्टर ने आगे कहा कि ये लोग अपने आप को इतना पढ़ा-लिखा समझते हैं कि राष्ट्र और धर्म विरोधी बातें करते हैं। क्या मैं ये मानलूं कि धर्म आपके ऊपर हावी हो गया है। जिसको आपने शादी में अपनाया है। अगर ऐसा है तो आप अपने नाम के आगे पाठक क्यों लिखती हैं? हटा दीजिये इस शब्द को। इसके बाद खन्ना ने पाठक को मूर्ख तक कह दिया।
अब नसीरुद्दीन पर भड़के एक्टर
बताते चलें कि रत्ना पाठक को लेकर मुकेश खन्ना का ये बयान खूब चर्चा में रहा था। अब नसीरुद्दीन शाह के बयान को लेकर मुकेश खन्ना बुरी तरह से भड़क उठे हैं। एक्टर ने अपने बयान में शाह को खरी खोटी सुनाई। एक्टर ने कहा कि एक बेहतरीन एक्टर इतनी घटिया और बचकानी बात कह सकता है, ये मुझे नसीरुद्दीन शाह को देखकर पता चला। कहते हैं हिंदुस्तान में मुस्लिम सुरक्षित नहीं। आप कट्टर बन चुके हैं, जो एक एक्टर को शोभा नहीं देता। भगवान आपको सद्बुद्धि दे।












Click it and Unblock the Notifications