Love Story: क्यों रणवीर की जॉइनिंग के पहले दिन जॉब छोड़ भागी पल्लवी? प्यार से पहले क्या हुआ जो उजड़ गई दुनिया
Masterchef India Season 9: मास्टरशेफ इंडिया सीजन 9 का आगाज़ हो चुका है! सोनी टीवी पर विकास, कुणाल और रणवीर की जादुई तिकड़ी वापस आ गई है। वैसे तो रणवीर बरार अपनी 'खाने वाली कहानियों' और उस 1.75 लाख के समुराई चाकू के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि नवाबों के शहर लखनऊ के इस गबरू जवान को किसने प्यार में क्लीन बोल्ड किया था?
यकीन मानिए, रणवीर और पल्लवी की लव स्टोरी किसी नेटफ्लिक्स की रोमांटिक फिल्म से कम नहीं है। चलिए, इस 'कबाब और पूरनपोली' के अनोखे संगम के पन्ने पलटते हैं।

लखनऊ की 'तहजीब' पर मराठी 'सादगी' का दिल
रणवीर बरार यानी वो शख्स जिनकी रगों में लखनऊ के कबाबों का स्वाद दौड़ता है। दूसरी तरफ पल्लवी, जो महाराष्ट्र की परंपराओं और सादगी को जीने वाली 'मराठी मुलगी' (महाराष्ट्र की लड़की) हैं। एक तरफ अवधी नजाकत और दूसरी तरफ मराठी संस्कृति-ये मेल सुनने में जितना अजीब लगता है, जीने में उतना ही रसीला साबित हुआ।

पहली मुलाकात ही थी 'इत्तेफाक'
इनकी कहानी किसी होटल के किचन के शोर-शराबे के बीच शुरू हुई। कमाल की बात देखिए, जिस दिन रणवीर ने होटल में जॉइन किया, पल्लवी ने ठीक अगले दिन इस्तीफा दे दिया! रणवीर को लगा- 'अरे, मेरे आते ही कोई नौकरी छोड़कर कैसे जा सकता है?' बस, यही वो जिज्ञासा थी जिसने बातचीत का रास्ता खोल दिया।
बाद में पता चला कि पल्लवी के पिता का निधन हो गया था, इसलिए वो ब्रेक लेना चाहती थीं। रणवीर ने हाथ बढ़ाया, बात आगे बढ़ी और दोस्ती कब प्यार की धीमी आंच पर पकने लगी, पता ही नहीं चला।

अलग था प्रपोजल का अंदाज
दुनिया भर के लिए खाना बनाने वाले रणवीर ने अपनी लेडी लव को प्रपोज करने के लिए फ्लोरिडा का एक शांत टापू चुना। समंदर की लहरें, डूबता सूरज और रणवीर के हाथों का बना खास डिनर! इसी डिनर टेबल पर रणवीर ने पल्लवी के सामने अपनी पूरी जिंदगी का 'मैन्यू' रख दिया। पल्लवी भी लखनऊ के इस नवाब की सादगी और स्वाद पर अपना दिल हार बैठीं।

जुलाई 2013: जब लखनऊ का लड़का बना 'मराठी दूल्हा'
शादी पूरी तरह से मराठी रंग में हुई। लखनऊ के रणवीर बरार ने मराठी दूल्हा बनकर सात फेरे लिए। आज रणवीर अपनी सफलता का पूरा क्रेडिट पल्लवी को देते हैं। वो कहते हैं, 'मैं आज जो कुछ हूं, अपनी पत्नी की वजह से हूं।' पल्लवी खुद एक प्रोफेशनल शेफ हैं, लेकिन वो लाइमलाइट से दूर रहकर रणवीर की जिंदगी में 'नमक' की तरह बैलेंस बनाए रखती हैं।
आज इनका एक प्यारा सा बेटा 'ईशान' है, जिसे ये दोनों मिलकर जिंदगी के असली स्वाद सिखा रहे हैं। तो अगली बार जब आप टीवी पर रणवीर को मुस्कुराते देखें, तो याद रखिएगा कि लखनऊ के इस नवाब के दिल की चाबी एक मराठी मुलगी के पास है!

जब करियर के लिए घर से 'बागी' हो गए रणवीर
रणवीर बरार का करियर भी संघर्षों से भरा रहा है। परिवार चाहता था कि वे पढ़ाई-लिखाई कर एक अच्छी कॉर्पोरेट नौकरी करें या पारिवारिक बिजनेस संभालें। लेकिन रणवीर के सिर पर तो लखनऊ की गलियों और मसालों का जुनून सवार था। जब घर वालों ने उनके शेफ बनने के सपने को ठुकरा दिया, तो उन्होंने एक बड़ा कदम उठाया। वे अपने सपने को सच करने के लिए घर से भाग निकले।

सड़कों पर सोए, ढाबों पर किया काम
शुरुआती दिन किसी बुरे सपने जैसे थे। घर छोड़ने के बाद उनके पास न पैसे थे और न रहने का ठिकाना। बताया जाता है कि उन्होंने अपने हुनर को मांझने के लिए लखनऊ के उस्ताद रसोइयों के पास बर्तन तक मांझे और ढाबों पर काम किया। कई रातें उन्होंने सड़कों पर गुजारनी पड़ीं, लेकिन हार नहीं मानी। इसी तपस्या ने उन्हें एक साधारण लड़के से 'सेलिब्रिटी शेफ' बना दिया।












Click it and Unblock the Notifications