टीनू आनंद ने बॉलीवुड में चल रहे नशे की खोली सच्चाई? बोले- 'गांजा आपको फोकस'
Tinnu Anand: फेमस बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक टीनू आनंद ने हाल ही में गांजे के उपयोग और उसकी क्रिएटिविटी पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गांजा पीने से कलाकारों की रचनात्मकता बढ़ती है, क्योंकि इससे फोकस में वृद्धि होती है। इस विषय पर उनकी टिप्पणी ने फिल्म इंडस्ट्री में एक नई बहस छेड़ दी है।
टीनू आनंद ने इस बात पर जोर दिया कि गांजा का सेवन करने से व्यक्ति का ध्यान एक जगह केंद्रित होता है, जिससे रचनात्मक कार्यों में मदद मिलती है। उन्होंने बॉलीवुड बबल के साथ एक विशेष बातचीत में बताया, "सारे सेंसेज एक जगह जमा होकर फोकस करते हैं। जब ये होता है तो फोकस से आप जो क्रिएट करते हैं, वो भी एक अलग किस्म का फोकस हो जाता है। वो सच है।"

अपनी बात को साबित करने के लिए, टीनू आनंद ने हॉलीवुड फिल्म 'ईजी राइडर' का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि इस फिल्म का निर्माण एसिड ट्रिप पर रहते हुए किया गया था, जिसमें निर्देशक, कैमरामैन और दोनों अभिनेता शामिल थे। उन्होंने कहा, "आप पिक्चर का रिजल्ट देखिए, पागल कर देती है पिक्चर।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या बॉलीवुड में भी ऐसा होता है, तो टीनू आनंद ने स्वीकार किया कि कुछ कलाकार ऐसा करते हैं, जबकि कुछ नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम के दौरान ऐसा कोई नहीं करता, बल्कि निजी पलों में कुछ लोग इसका सेवन करते हैं।
टीनू आनंद ने गांजे को "बुरी चीज" बताते हुए कहा कि इसकी एक "अच्छी चीज" भी है। उन्होंने समझाया, "अच्छी चीज ये है कि आपको मौका मिल जाता है कि आप फोकस करेंगे और आप जो क्रिएट करेंगे वो शायद एक मास्टरपीस हो।" बता दें, ये टीनू के विचार हैं। हम किसी भी तरह के नशे का सेवन करने के सपोर्ट में नहीं है। नशा बुरी चीज है। इससे दूरी बनाकर रखना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications