फिल्म '83' की कहानी शेयर करने के लिए मेकर्स ने पूर्व क्रिकेटरों को दी कितनी रकम?
मुंबई। कबीर खान की फिल्म 83 अब बहुत जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से लोगों में इस फिल्म के प्रति उत्साह काफी बढ़ गया है। 1983 विश्व कप जीत के आसपास घूमती इस कहानी में मुख्य नायक के तौर पर रणवीर सिंह नजर आने वाले हैं। बता दें कि करीब डेढ़ साल से इस फिल्म का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि अब लोगों का इंतजार खत्म होने वाला है क्योंकि इसी 24 दिसंबर को थिएटर में बड़े पैमाने पर 2डी और 3डी में यह फिल्म रिलीज होने वाली है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के मेकर्स ने फिल्म 83 के लिए कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए पूर्व क्रिकेटरों को पैसे भी दिये हैं।

रिलायंस एंटरटेनमेंट ने ओरिजनल टीम को दिये पैसे
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट्स के मुताबिक 83 की कहानी और उनसे जुड़े क्रिकेटर्स की कहानी को फिल्मी पर्दे पर उतारने के लिए रिलायंस एंटरटेनमेंट ने वर्ल्ड कप खेल चुकी पूर्व क्रिकेटरों की टीम को 15 करोड़ रुपये दिये हैं और इसमें सबसे ज्यादा शेयर पूर्व कप्तान कपिल देव का है।

फिल्म 83 का बजट तकरीबन 125 करोड़ रुपये
फिल्म 83 की राइट्स को खरीदने को लेकर बॉलीवुड हंगामा ने बताया है कि फिल्म बनाने से पहले उसके विषय के राइट्स को खरीदना जरूरी है। साथ ही फिल्म जिन लोगों के जीवन पर आधारित है, उनकी व्यक्तिगत कहानियों को हासिल करना भी अहम है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए रिलायंस एंटरटेनमेंट ने 1983 विश्व कप की ऑरिजनल विजेता टीम को करीब 15 करोड़ रुपये दिये हैं। जिसमें कपिल देव को 5 करोड़ रुपये दिये गए हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म 83 का बजट तकरीबन 125 करोड़ रुपये है।

24 दिसंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
इस फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, ताहिर राज भसीन, जीवा, साकिब सलीम, जतिन सरना, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, निशांत दहिया, हार्डी संधू, साहिल खट्टर, अम्मी विर्क, आदिनाथ कोठारे, धैर्य करवा, आर बद्री और पंकज त्रिपाठी नजर आएंगे। दीपिका पादुकोण इस फिल्म में कपिल देव की पत्नी रोमी का रोल अदा करेंगी। 83 फिल्म का निर्माण दीपिका पादुकोण, कबीर खान, विष्णु वर्धन इंदुरी, साजिद नाडियाडवाला, फैंटम फिल्म्स, रिलायंस एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है । यह फ़िल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में क्रिसमस के दौरान 24 दिसंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी ।












Click it and Unblock the Notifications