बॉलीवुड की इस खूबसूरत हसीना को 7 बार हुआ प्यार, फिर मिला ऐसा दर्द, 36 की उम्र में मौत ने लगाया गले
Madhubala Love Story: वैलेंटाइन डे पर जहां दुनिया मोहब्बत के जश्न में डूबी होती है, वहीं हिंदी सिनेमा की एक ऐसी दास्तान भी याद आती है, जिसमें प्यार तो बार-बार मिला लेकिन मुकम्मल साथ कभी नहीं मिला। ये कहानी हुस्न की मलिका मधुबाला की है, जिनकी मुस्कान पर दुनिया फिदा थी, मगर दिल की दुनिया बार-बार टूटती रही।
मधुबाला की जिंदगी का वो दर्दनाक दौर
शोहरत, सुंदरता और तालियों की गूंज के बीच मधुबाला की जिंदगी अधूरी मोहब्बतों, बिछड़ों और तन्हाई की लंबी परछाइयों से भरी रही थी। इस वैलेंटाइन डे, याद करते हैं उस अदाकारा को, जिसकी प्रेम कहानियां आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिल में एक दर्दभरी गूंज छोड़ जाती हैं।

अधूरी मोहब्बतों और तन्हाई से भरी थी एक्ट्रेस की जिंदगी
भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर की सबसे चमकदार अदाकारा मधुबाला को अक्सर बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्री कहा जाता था। पर्दे पर उनकी मुस्कान और अदाएं लाखों दिलों की धड़कन थीं लेकिन निजी जिंदगी में उनकी कहानी दर्द, अधूरी मोहब्बतों और तन्हाई से भरी रही। कहा जाता है कि उन्हें कई बार प्यार हुआ मगर मुकम्मल साथ किसी का नहीं मिला।
मधुबाला की 7 दर्दनाक मोहब्बत की कहानी
मधुबाला का फिल्मी सफर जितना सफल रहा था, निजी जीवन उतना ही उलझा हुआ था। उनकी जिंदगी पर लिखी किताबों और लेखों में जिक्र मिलता है कि उन्होंने जिनसे भी मोहब्बत की, हालात ने उन्हें जुदा कर दिया। रिश्ते बने, चर्चित हुए, मगर अंजाम तक नहीं पहुंचे।
दिलीप कुमार संग 9 साल लंबी प्रेम कहानी
फिल्म 'तराना' के सेट से शुरू हुई दिलीप कुमार और मधुबाला की मोहब्बत करीब 9 साल तक चर्चा में रही। दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब थे लेकिन पारिवारिक मतभेद, खासकर मधुबाला के पिता अताउल्लाह खान की सख्ती, इस रिश्ते के बीच दीवार बन गई। कहा जाता है कि अलगाव ने मधुबाला को अंदर तक तोड़ दिया था।
किशोर कुमार और मधुबाला की शादी और अलगाव
-'चलती का नाम गाड़ी' और 'हाफ टिकट' जैसी फिल्मों के दौरान किशोर कुमार और मधुबाला करीब आए थे। साल 1960 में दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद विदेश में इलाज के दौरान मधुबाला को हार्ट संबंधी गंभीर बीमारी के बारे पता चला था। हालात ऐसे बने कि वह अपने परिवार के पास रहने लगी थीं।
-हालांकि किशोर कुमार अपनी पत्नी के इलाज का खर्च उठाते रहे। वह मधुबाला से मिलने भी जाते थे लेकिन साथ रहना संभव न हो सका। ये शादी कागज पर रही लेकिन दोनों साथ में नहीं रह सके।
जुल्फिकार अली भुट्टो के साथ मधुबाला का रिश्ता
फिल्म 'मुगल-ए-आजम' के दौरान पाकिस्तान के भावी नेता जुल्फिकार अली भुट्टो का नाम भी मधुबाला से जोड़ा गया था। वह शूटिंग के दौरान उनसे मिलने आते थे लेकिन दिलीप कुमार से अलगाव का दर्द और भविष्य की अनिश्चितता के चलते ये रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका था।

प्रेमनाथ और कमाल अमरोही के साथ जुड़ा नाम
फिल्म 'बादल' के दौरान प्रेमनाथ और मधुबाला की नजदीकियां चर्चा में रही थीं लेकिन कुछ शर्तों और मतभेदों के कारण ये रिश्ता ज्यादा समय नहीं चला था। वहीं निर्देशक कमाल अमरोही से भी मधुबाला का नाम जुड़ा। बात शादी तक पहुंची थी लेकिन परिस्थितियां और व्यक्तिगत शर्तें इस रिश्ते को मुकम्मल न होने दे सकीं।
केदार शर्मा और लतीफ: एकतरफा लगाव और मासूम यादें
केदार शर्मा जिन्होंने मधुबाला को इंडस्ट्री में शुरुआती मौका दिया था। वह मधुबाला के प्रति स्नेह रखते थे लेकिन ये रिश्ता अफवाहों से आगे नहीं बढ़ा। शुरुआती दिनों के दोस्त लतीफ का जिक्र भी अक्सर होता है। कहा जाता है कि एक लाल गुलाब की याद उन्होंने जीवनभर संभालकर रखी थी।
36 साल की उम्र में मधुबाला की हो गई थी मौत
-दिल की गंभीर बीमारी से जूझते हुए 23 फरवरी 1969 को महज 36 साल की उम्र में मधुबाला ने दुनिया को अलविदा कह दिया। लाखों दिलों पर राज करने वाली ये अदाकारा आखिरकार गहरी तन्हाई के साथ विदा हुई थीं।
-मधुबाला आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी फिल्में, मुस्कान और अदाकारी आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जिंदा है। उनकी जिंदगी बताती है कि शोहरत और सुंदरता के पीछे भी कई अनकही कहानियां छिपी होती हैं।












Click it and Unblock the Notifications