Kis Kisko Pyar Karoon 2 Review: बिना लॉजिक और दिमाग की हंसोड़ फिल्म, कपिल का कमबैक हुआ अच्छा
Kis Kisko Pyar Karoon 2 Review: साल 2015 में कॉमेडियन कपिल शर्मा ने अपना फिल्मी डेब्यू किया था। उनकी फिल्म का नाम 'किस किस को प्यार करूं' था। हालांकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं किया था। लेकिन दर्शकों तक पहुंची थी। इसी फिल्म की दूसरी किश्त कपिल शर्मा दोबारा लेकर आए हैं। जिससे उन्होंने बड़े पर्दे पर कमबैक भी किया है। कैसी है फिल्म, इस पर विस्तार से बात करते हैं।

'किस किसको प्यार करूं 2', मोहन (कपिल शर्मा) की कहानी है। जो ट्रेलर से ही साफ समझ आती है कि कैसे वो एक नहीं, दो नहीं, बल्कि तीन तीन शादियों में फंस जाता है और फिर उसका असली प्यार भी है। शादी में कैसे वो सिर्फ एक धर्म ही नहीं बल्कि अलग अलग धर्म की लड़कियों से शादी करता है। कैसे करता है? क्या हालात बनते हैं और क्यों वो शादी के लिए तैयार होता है? इसे ही मजेदार अंदाज से दिखाया गया है। साथ ही क्या उसे आखिर में अपना असली प्यार मिलता है या नहीं, इसके लिए आपको फिल्म देखना होगा। लेकिन इन सबके बीच एक शर्त है। वो ये कि फिल्म देखने अपना दिमाग और लॉजिक दोनों को लॉकर में बंद करके जाएं। ताकि हंस सकें।
फिल्म के कहानी के अलावा फिल्म की कास्टिंग भी ठीक है। जो कहानी में जान डालने का काम करती है। फिल्म के लीड रोल में कपिल शर्मा है और पूरी फिल्म में अपना जलवा बिखेरते नजर आते हैं। फिल्म में कपिल ने इमोशन्स को खूबसूरती से दिखाया है, जिसमें सिर्फ कॉमेडी ही रोमांस और दर्द को भी दिखाना शामिल है। वहीं कपिल की जोड़ी भी हीरा वरीना, त्रिधा चौधरी, पारुल गुलाटी, आयशा ख़ान के साथ कमाल लग रही है। चारो महिलाओं ने भी दम दिखाया है। वहीं इन सभी के अलावा मनजोत सिंह, अखिलेंद्र मिश्रा, विपिन शर्मा, सुशांत सिंह और जैमी लीवर का भी काम सटीक है। फिल्म में जितनी मेहनत लीड कास्ट ने की है, उससे ज्यादा मेहनत सपोर्टिंग कास्ट की दिखती है।
फिल्म तकनीकि तौर पर भी बढ़िया है। फिल्म में कुछ बहुत नया नहीं है लेकिन कुछ ऐसा भी नहीं हैं जो खटकता है। फिल्म को जिस तरह से पेश किया गया है, वो अर्ली 2000 वाइब्स देता है, जो बतौर दर्शक थोड़ा सा नॉस्टेलजिया रहता है। कुल मिलाकर फिल्म को हमारी तरफ से साढ़े तीन स्टार्स। इस फिल्म को आपको बेशक परिवार के साथ एन्जॉय करना चाहिए। लेकिन हमने जो आपको शर्त बताई है उसे जरूर फॉलों करें। बाकी आगे आपकी मर्जी। इस फिल्म पर मेरी बात यहीं तक।












Click it and Unblock the Notifications