'किरीस का गाना सुनेगा' वाले 'धूम बॉय' की होगी शादी? इस लड़की की मां ने भेजा रिश्ता, पिंटू बनेगा घर जमाई!
Kirish Ka Gaana Sunega Boy Marriage: सोशल मीडिया की भीड़ में रोज अनगिनत चेहरे आते-जाते रहते हैं लेकिन कभी-कभी कोई कहानी ऐसी सामने आ जाती है जो शोर के बीच सीधे दिल तक पहुंच जाती है। झारखंड के जमशेदपुर से निकली एक ऐसी ही कहानी ने बीते दिनों लाखों लोगों को रुलाया भी और उम्मीद भी दी।
पिंटू का अफवाहों से लेकर उम्मीद तक का सफर
एक बेसहारा बच्चे की दर्दभरी जिंदगी, एक वायरल आवाज और फिर अफवाहों से लेकर उम्मीद तक का सफर, ये कहानी है 'किरीस का गाना सुनेगा' वाले शख्स, पिंटू उर्फ धूम बॉय की, जिसने हालात से हार मानने के बजाय अपनी आवाज को ही अपनी पहचान बना लिया।

जिंदा हो गया था मरा हुआ पिंटू!
-कुछ समय पहले खबर आई थी कि पिंटू उर्फ धूम की मौत हो गई है। दरअसल एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था जिसमें ये बताया जा रहा था कि पिंटू की लाश नाले से बरामद हुई है। हालांकि इस वीडियो की कोई पुष्टि नहीं हो पाई थी। धूम बॉय को लेकर ये अफवाह तेजी से फैलने लगी थी कि उसकी हत्या कर दी गई है और उसका शव नाले में फेंक दिया गया है।
-इस खबर के सामने आते ही इंटरनेट पर अफरा-तफरी मच गई थी। फैंस सदमे में आ गए थे और कई लोग भावुक पोस्ट शेयर करने लगे थे लेकिन बाद में इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई। दरअसल जो वीडियो नाले से जुड़ा हुआ वायरल हुआ था वह धूम बॉय का नहीं बल्कि किसी और शख्स का था। किसी व्यक्ति ने जानबूझकर धूम का नाम जोड़कर उस वीडियो को सोशल मीडिया पर फैला दिया था।
क्या धूम बॉय की होने वाली है शादी?
-फिलहाल धूम बॉय की शादी की बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। आपको बता दें कि इस समय इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है जिसमें दिखाई दे रही महिला किरीस का गान सुनेगा वाले पिंटू को अपना घर जमाई बनाने की बात कह रही हैं।
-वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला अपने साथ एक लड़की को लेकर खड़ी है और कह रही है उसे पिंटू काफी पसंद है। वह पिंटू की दर्दभरी कहानी से प्रभावित हुई है और उसे अपनाना चाहती है। महिला का कहना है कि वह अपनी बेटी की शादी पिंटू से देना चाहेगी और उसे अपना घर जमाई बनाना चाहती है।
-वह महिला वीडियो में कहती हैं- पिंटू मेरे बेटे जैसा है। उसकी कहानी बहुत दर्दभरी है। मैं उसे अपना दामाद बनाना चाहती हूं। मेरी बेटी की शादी में उसी के साथ करवाउंगी। वो जहां कहीं भी है मेरे पास आ जाए। ये वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पिंटू को बचपन से नहीं मिला मां-बाप का साथ
आपको बता दें कि पिंटू की जिंदगी की कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। बहुत छोटी उम्र में उसके सिर से मां-बाप का साया उठ गया था। न पढ़ाई कर पाया, न सही से खेल-कूद पाया, बस रोज का संघर्ष और पेट भरने की चिंता ने उसका हाल बदहाल कर दिया। कई सालों तक पिंटू ने कूड़ा बीनकर अपना पेट पाला। वह सड़क पर रहता है और हर दिन रो वक्त के खाने के लिए संघर्ष करता है।
पिंटू उर्फ धूम बॉय का वायरल गाना
किसी को क्या पता था कि ये कूड़ा बीनने वाला पिंटू ही एक दिन अपनी आवाज से पहचान बना लेगा। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर पिंटू का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वह ऋतिक रोशन की फिल्म 'कृष' का मशहूर गाना 'दिल न दिया' अपने अलग ही अंदाज में गाता नजर आया था।
'किरीस का गाना सुनेगा?' बना दमदार डायलॉग
वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया था। 'किरीस का गाना सुनेगा?'- ये लाइन लोगों की जुबान पर चढ़ गई थी। लाखों व्यूज, हजारों रील्स और मीम्स की बाढ़, हर कोई यही जानना चाहता था कि आखिर ये शख्स कौन है जिसकी आवाज इतनी दिल छू लेने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications