KBC 14: कानपुर के वेल्डिंग कारीगर ने जीते 50 लाख, कंप्यूटर महाशय बोले- '27 साल लग जाते कमाने में'
मुंबई, 15 सितंबर। सोनी टीवी के लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 14 का रोमांच पूरे शबाब पर है। हर दिन यहां आने वाले प्रतियोगी अपने ज्ञान से लोगों को चौंका देते हैं। कभी किसी की कहानी लोगों की आंखों में आंसू ले आती है तो कभी किसी की जिंदगी लोगों के लिए प्रेरणा बन जाती है।
Recommended Video

ऋषि की आंखों से आंसू रूक ही नहीं रहे थे
यही नहीं आंखों में बहुत सारे सपने सजाए जब लोग हॉटसीट पर पहुंचते हैं तो अक्सर खुशी के मारे आंखे छलछला उठती हैं। ऐसा ही नजारा बुधवार को प्रसारित केबीसी के शो में देखने को मिला, जब अपने ज्ञान के बल पर 24 साल के वेल्डिंग कारीगर ऋषि राजपूत हॉट सीट तक पहुंचे। अपनी भावनाओं पर काबू ना कर पाने वाले कानपुर निवासी ऋषि की आंखों से आंसू रूक ही नहीं रहे थे तो वहीं अपने बेटे के साथ कंपेनियन के रूप में आईं उनकी मां भी दर्शक दीर्घा में भीगी आंखों और होठों पर मुस्कान लिए ताली बजाती नजर आईं।

घरों में वेल्डिंग का काम करते हैं
एक दिन में मात्र 150 रु कमाने वाले ऋषि राजपूत ने जब अपनी कहानी बताई तो हर कोई हैरान रह गया। आर्थिक तंगी की मार सह रहे ऋषि राजपूत ने 12वीं के बाद पढ़ाई नहीं की क्योंकि उन्हें घर चलाने के लिए पैसों की जरुरत थी, वो घरों में वेल्डिंग का काम करते हैं , उनके छोटे भाई-बहन हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर है। अपनी मां को अपना आदर्श मानने वाले ऋषि राजपूत ने कहा कि पढ़ाई के प्रति लगाव उन्हें यहां तक लेकर आया है।

चंद मिनटों में ही 50 लाख रु जीते
अपने बुद्धि कौशल से सबको चकित करने वाले ऋषि राजपूत ने शो में चंद मिनटों में ही 50 लाख रु जीत लिए, उन्होंने 75 लाख रुपये वाले 15वें सवाल का सही जवाब नहीं पता होने पर क्वीट किया। जिस वक्त उन्होंने पचास लाख की धनराशि अपने नाम की, उस वक्त शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने एक बड़ी ही दिलचस्प बात उन्हें बताई।

'इसे कमाने में आपको जीवन में 27 साल लग जाते'
उन्होंने कहा कि 'एक गणित कंप्यूटर महाशय ने भी लगाया है। आपने यहां पर जो चंद मिनटों में कमाया है ना उसे कमाने आपको जीवन में 27 साल लग जाते।' इसके बाद अमिताभ और दर्शकों ने ऋषि राजपूत के लिए तालियां बजाकर अभिवादन किया।

'मेरी मां ने रिश्तेदारों से पैसे और कपड़े उधार मांगे...'
ऋषि राजपूत ने कहा कि 'जब मेरा सेलेक्शन केबीसी के लिए हुआ था तो मैंने काम करना बंद कर दिया था और अपनी जगह अपने भाईयों को काम के लिए भेजता था, मैं पढ़ाई करता था। यहां आने के लिए ढंग के कपड़े नहीं थे, इसलिए मेरी मां ने रिश्तेदारों से पैसे और कपड़े उधार मांगकर इंतजाम किया था,जब यहां आ रहा था तो पता नहीं था कि दुनिया यूं बदल जाएगी। सोचा नहीं था कि इतने पैसे जीतूंगा।'
'वो बहुत अच्छे इंसान हैं...'
लेकिन अब जब उन्होंने इतनी धनराशि जीत ली है तो उन्होंने कहा कि 'इससे मैं अब अपना घर बनाऊंगा, भाई-बहन की शादी कराऊंगा और एक दुकान खोलूंगा। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के लिए ऋषि ने कहा कि 'वो बहुत अच्छे इंसान हैं, उन्होंने मेरे लिए सेट पर बड़ा पाव मंगवाया और मुझे अपने हाथों से खिलाया। मेरे लिए यह बहुत बड़ी और कभी ना भूलने वाली बात है।'












Click it and Unblock the Notifications