KBC 13 के दूसरे करोड़पति बने एमपी के साहिल अहिरवार, कहा-'ज्ञान और मेहनत ही सक्सेस का मूल मंत्र'
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। 'कौन बनेगा करोड़पति 13 ' का रोमांच चरम पर है। शो को इस सीजन का दूसरा करोड़पति मिल गया है। गुरुवार को प्रसारित हुए एपीसोड में 19 वर्षीय छात्र साहिल अहिरवार ने सभी सवालों का सही जवाब देकर एक करोड़ की धनराशि और चमचमाती कार को अपने नाम किया। साहिल ने अपने जीवन में काफी संघर्ष देखा है, वो सागर विवि से पढ़ाई कर रहे हैं और आईएस अधिकारी बनने की इच्छा रखते हैं इसलिए वो इन दिनों अपने घर से दूर रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
Recommended Video

करोड़पति बने एमपी के साहिल अहिरवार
स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानने वाले 19 साल के साहिल ने शो के दौरान काफी मजेदार बातें की, जिस पर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाए। साहिल के व्यक्तित्व का सबसे बड़ा आकर्षण उनका ज्ञान है, उन्होंने कहा कि ज्ञान और मेहनत जब एक साथ मिलते हैं तो इंसान को उड़ान भरने से कोई रोक नहीं सकता है। बातों के धनी साहिल ने बताया कि तापसी पुन्नू के वो बहुत बड़े फैन हैं और जीवन में एक बार उनसे मिलने की इच्छा रखते हैं।

ज्ञान अर्जन में समाचार पत्रों का बहुत बड़ा हाथ
साहिल ने एक करोड़ के सवाल तक अपनी लाइफलाइन को बचाकर रखा था। साहिल के पास ज्ञान प्राप्ति के लिए बहुत सारे संसाधन नहीं थे लेकिन उनके ज्ञान अर्जन में समाचार पत्रों का बहुत बड़ा हाथ रहा और इसी वजह से वो केबीसी 13 के दूसरे करोड़पति बने।

जानते हैं वो सवाल जिसका जवाब देकर साहिल ने जीता 1 करोड़ रु
प्रश्नः संस्कृत मुहावरा 'अतिथि देवो भव', जिसका अर्थ है 'अतिथि ईश्वर है', किस उपनिषद से लिया गया है?
- A. कथा उपनिषद
- B. मुंडका उपनिषद
- C. छांदोग्य उपनिषद
- D. तैत्तिरीय उपनिषद
सही जवाब: तैत्तिरीय उपनिषद ( D)
ये है 7 करोड़ रुपये का सवाल जिसका जवाब साहिल को नहीं पता था
प्रश्न: पाचन तंत्र वाला एकमात्र पक्षी कौन सा है जो गोजातीय के रूप में वनस्पति को किण्वित करता है, जो इसे विशेष रूप से पत्तियों और कलियों को खाने में सक्षम बनाता है?
- A शोबिल सारस
- B होटज़िन
- C फावड़ा
- D. गैलापागोस जलकाग
उत्तर: होटज़िन (B)

'मैं अपने मम्मी-पापा को एक घर गिफ्ट करूंगा'
1 करोड़ जीतने के बाद साहिल ने इंडिया टूडे से बातचीत करते हुए कहा कि 'मुझे भरोसा नहीं हो रहा कि मैंने एक करोड़ रु जीत लिए हैं। साहिल ने कहा कि अब इन पैसों से मैं अपने मम्मी-पापा को एक घर गिफ्ट करूंगा। सच बताऊं तो मैं यहां धनराशि जीतने नहीं आया था, मैं बस चाहता था कि मैं इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर अपने ज्ञान का सही तरीके से इस्तेमाल करूं।'
'मैं अपने हर काम को सौ प्रतिशत देता हूं'
साहिल ने कहा कि 'मैं अपने हर काम को सौ प्रतिशत देता हूं और वो ही मैंने यहां भी किया। मेरे घरवालों ने वित्तीय समस्याओं का सामना किया है लेकिन अब इन पैसों से उन समस्याओं का हल निकल जाएगा। ज्ञान और मेहनत ही सक्सेस का मूल मंत्र है, आप जो भी कीजिए,उसमें अपना 100 परसेंट दीजिए, आपको सफलता जरूर मिलेगी।'












Click it and Unblock the Notifications