'तू आज के दौर में बैठकर सोच तौलेगी', कंगना रनौत ने स्वरा भास्कर पर मारा ताना, 75 Sec के वीडियो से मचा हंगामा
Kangana Ranaut Taunts Swara Bhasker: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर इन दिनों अपने एक बयान को लेकर लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' में दिखाए गए जौहर के सीन को लेकर सवाल उठाए थे। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और कई लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं। इसी बीच अब एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी स्वरा के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कंगना रनौत ने 'जौहर' बयान पर स्वरा भास्कर को घेरा
कंगना रनौत ने सीधे कोई लंबा बयान देने के बजाय सोशल मीडिया पर एक रैप वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में 'पद्मावत' के विजुअल्स के AI वर्जन के साथ एक रैप सुनाई दे रहा है। वीडियो की कई पंक्तियां स्वरा भास्कर के जौहर को लेकर दिए गए बयान पर जवाब के तौर पर देखी जा रही हैं।

कंगना रनौत ने शेयर किया 'पद्मावत' का AI वीडियो
-कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' से जुड़े दृश्यों को AI की मदद से नए अंदाज में पेश किया गया है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक रैप सॉन्ग बज रहा है, जिसके बोल रानी पद्मावती और जौहर से जुड़े हैं।
-वीडियो में स्वरा भास्कर का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया है लेकिन इसे उनके हालिया बयान की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। कंगना रनौत ने ये वीडियो Mayur Mogre के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है।
रैप में क्या कहा गया?
-इस रैप में रानी पद्मावती को कायर कहने वालों पर सवाल उठाया गया है। गाने के जरिए जौहर को उस दौर की परिस्थितियों और महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए इसे कायरता नहीं बल्कि वीरता के रूप में पेश किया गया है।
-रैप की कुछ पंक्तियों में इतिहास को समझने और उस समय की परिस्थितियों को आज के नजरिए से नहीं परखने की बात कही गई है। साथ ही मुगल शासन और गुलामी से जुड़े संदर्भों के जरिए भी स्वरा के बयान पर तंज कसा गया है।
रैप की लाइनें कुछ इस तरह से हैं-
चलो कुछ नासमझों को इतिहास सिखाते हैं
रानी पद्मावती को कायर कहने वालों को उनकी औकात दिखाते हैं।
तू आज के दौर में बैठकर उनकी सोच तौलेगी
मुगलों के कायरता के बारे में कभी कुछ बोलेगी?
सुन
उन्हें गुलामी नहीं, चाहिए सम्मान था
और ये कायरता नहीं, वीरता का प्रमाण था
तुझे तो आजाद भारत भी गुलाम नजर आता है।
क्या कहा था स्वरा भास्कर ने?
-दरअसल स्वरा भास्कर ने हाल ही में इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 'पद्मावत' के जौहर वाले सीन पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने फिल्म के उस हिस्से पर सवाल उठाया था, जिसमें महिलाओं को अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए जौहर करते हुए दिखाया गया है।
-स्वरा भास्कर ने सवाल उठाते हुए कहा था कि अगर कोई महिला यौन हिंसा का शिकार होती है तो क्या उसे अपनी जिंदगी खत्म कर लेनी चाहिए? उनके मुताबिक इस तरह की कहानी महिलाओं को ये मैसेज दे सकती है कि यौन हिंसा के बाद उनका जीवन समाप्त हो जाता है।
-स्वरा भास्कर ने ये भी कहा कि मौजूदा दौर में जब महिलाओं के खिलाफ अपराध एक गंभीर सामाजिक समस्या है, तब फिल्मों में ऐसे सीन्स को किस तरह पेश किया जाता है, इस पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जौहर के सीन को लेकर स्वरा भास्कर ने जताई थी आपत्ति
-स्वरा भास्कर ने फिल्म के एक सीन का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें उस हिस्से को देखकर काफी गुस्सा आया था, जिसमें एक गर्भवती महिला का क्लोजअप दिखाया गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे सीन के जरिए ये मैसेज दिया जा रहा है कि भविष्य में किसी महिला के साथ होने वाली संभावित हिंसा की वजह से उसके जन्म को ही गलत माना जाए।
-स्वरा भास्कर के इसी बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कुछ लोगों ने उनकी बात का सपोर्ट किया जबकि कई लोगों ने ऐतिहासिक संदर्भों को लेकर उनके नजरिए की आलोचना की।
अब कंगना रनौत के पोस्ट से फिर गरमाई बहस
-स्वरा भास्कर के बयान के बाद अब कंगना रनौत के रैप वीडियो शेयर करने से यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कंगना रनौत लंबे समय से फिल्मों और इतिहास से जुड़े मुद्दों पर मुखर राय रखती रही हैं। ऐसे में उनका ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
-फिलहाल इस पूरे विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। एक तरफ स्वरा भास्कर अपने बयान पर कायम नजर आ रही हैं, वहीं कंगना द्वारा शेयर किए गए वीडियो को उनके जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
