Drishyam 3: अक्षय खन्ना के बाहर होते ही इस एक्टर की हुई एंट्री, अजय देवगन से होगी भिडंत
अजय देवगन की सुपरहिट क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'दृश्यम' एक बार फिर सुर्खियों में है। इसकी तीसरी किस्त 'दृश्यम 3' को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता जयदीप अहलावत को फिल्म में शामिल कर लिया गया है, जबकि अक्षय खन्ना के फ्रेंचाइजी से बाहर होने की चर्चा भी तेज हो गई है।

अक्षय खन्ना के बाहर होने की चर्चा
'धुरंधर' की जबरदस्त सफलता के बाद अक्षय खन्ना के 'दृश्यम 3' से हटने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि वेतन और कुछ अन्य शर्तों को लेकर असहमति के चलते उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली। उनके बाहर होने की खबर से फैंस को झटका लगा, क्योंकि 'दृश्यम 2' में उनका किरदार काफी पसंद किया गया था।
जयदीप अहलावत की दमदार एंट्री
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय खन्ना की जगह अब जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया है। जयदीप पहली बार 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन रहे हैं और उनकी एंट्री को कहानी के लिए अहम माना जा रहा है। प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, "जयदीप जनवरी 2026 से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। उनका किरदार कहानी में एक नया और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आएगा, जो दर्शकों को चौंका सकता है।"
विजय सलगांवकर बनाम मीरा देशमुख
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के अपने चर्चित किरदार में नजर आएंगे। वहीं, तब्बू आईजी मीरा देशमुख के रूप में वापसी करेंगी। विजय और मीरा के बीच की मानसिक जंग इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी पहचान रही है। अब जयदीप अहलावत के जुड़ने से यह टकराव और भी गहरा व रोमांचक होने की उम्मीद है।
'दृश्यम' फ्रेंचाइजी का सफर
'दृश्यम' की शुरुआत 2013 में मलयालम सिनेमा से हुई थी, जिसे जीतू जोसेफ ने निर्देशित किया था। मोहनलाल स्टारर यह फिल्म जबरदस्त हिट रही। इसके बाद 2015 में इसका हिंदी रीमेक बना, जिसे निशिकांत कामत ने निर्देशित किया। अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर की दमदार परफॉर्मेंस ने इसे भारतीय थ्रिलर सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications