इस बात को लेकर काफी चिंतित थे इरफान खान, पत्नी सुतापा ने जन्मदिन पर किया पति को याद
मुंबई, 07 जनवरी। बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर इरफान खान का जन्म 7 जनवरी 1967 को हुआ था, अगर आज वह हमारे बीच होते तो उनका आज 55वां जन्मदिन होता। इरफान खान कैंसर से लड़ रहे थे, जिसके चलते उनका निधन हो गया। निधन के बाद भी इरफान खान को लोग भूल नहीं पाए हैं और वह लोगों के दिलों में बसते हैं। इरफान खान के जन्मदिन के मौके पर उनकी पत्नी सुतापा सिकदर ने अपने पति से जुड़ी यादों को साझा किया। इरफान के साथ अपने लगाव और नजदीकी रिश्ते के बारे में सुतापा ने कुछ भावुक पल साझा किए हैं।

मेरे बिना जिंदगी नहीं सोच पाते थे इरफान
सुतापा ने इरफान के साथ बिताए समय के बारे में यादों को साझा करते हुए कहा कि हमारे बीच शादी का रिश्ता नहीं बल्कि यूनियन था। सुतापा ने बताया कि इरफान को एक बात से बहुत डर लगता था कि मैं उन्हें छोड़ दूंगी। वह शादी के कुछ साल बाद कहते थे कि तुम मुझसे ऊबकर कुछ दिन बाद मुझ छोड़ दोगी। पति के निधन के बाद सुतापा ने इरफान से जुड़ी यादों को साझा करते हुए कहाकि उन्होंने मुझे कभी भी खास महसूस नहीं कराया। मुझे पता था कि मैं खास हूं। इरफान मेरे बिना जिंदगी के बारे में सोच भी नहीं पाते थे।

यह शादी नहीं यूनियन था
सुतापा ने बताया कि यह सुनने में अच्छा नहीं लगेगा लेकिन शादी के कुछ समय बाद इरफान कई साल तक यह कहते रहे कि जब तुम मुझसे ऊबोगी तो मुझे छोड़ दोगी। इरफान के 55वें जन्मदिन के मौके पर सुतापा ने पिंकविला को दिए इंटरव्यू में कहा कि कोई भी शादी एक दूसरे के साथ अनुकूलता, समझ और एक दूसरे के साथ रहना सुनिश्चित नहीं कर सकती है। इसलिए मैं इसे शादी नहीं बल्कि यूनियन कहती हूं। विवाह में सामाजिक बंधन होते हैं, जबकि यूनियन में हम एक दूसरे के लिए जिंदगी दांव पर लगाने को तैयार रहते हैं। शुरुआत में हमारी शादी में काफी कमियां थीं, लेकिन हमारा यूनियन हमेशा जीता।

खुद से ज्यादा पत्नी की थी चिंता
इरफान खान के आखिरी दिनों की याद को साझा करते हुए सुतापा ने कहा कि इरफान खुद से ज्यादा मुझे लेकर चिंतित थे। बता दें कि इरफान खान और सुतापा की शादी 1995 में हुई थी। इरफान का निधन 29 अप्रैल 2020 में हुआ था। इरफान और सुतापा के दो बेटे बाबिल और अयान हैं। बता दें कि बाबिल नेटफ्लिक्स पर काला से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस फिल्म को अनुष्का शर्मा का प्रोडक्शन हाउस क्लीन स्लेट फिल्म्ज प्रोड्यूस कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications