India Oscars 2026: नीरज की फिल्म ने 'ऑस्कर 2026' में भारत की उम्मीदें जगाई, रेस में यहां तक पहुंची 'होमबाउंड'
India Oscars 2026: निर्देशक नीरज घायवान की फिल्म 'होमबाउंड' ने भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस फिल्म को 89वें एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) की 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली है।
एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) ने 16 दिसंबर को कुल 12 श्रेणियों की शॉर्टलिस्ट जारी की। बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में 86 देशों से भेजी गई फिल्मों में से सिर्फ 15 को चुना गया है। इन्हीं 15 फिल्मों में भारत की ओर से 'होमबाउंड' ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मजबूत प्रतिस्पर्धा
इस प्रतिष्ठित सूची में भारत के अलावा कई देशों की चर्चित फिल्में शामिल हैं। इनमें अर्जेंटीना की 'बेलेन', ब्राजील की 'द सीक्रेट एजेंट', फ्रांस की 'इट वाज जस्ट एन एक्सीडेंट', जर्मनी की 'साउंड ऑफ फॉलिंग', जापान की 'कोकुहो' और दक्षिण कोरिया की 'नो अदर चॉइस' जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पैलेस्टाइन और स्पेन की एंट्रीज़ भी मुकाबले को बेहद कड़ा बना रही हैं।
दोस्ती, सपनों और संघर्ष की कहानी है 'होमबाउंड'
'होमबाउंड' की कहानी उत्तरी भारत के एक गांव में रहने वाले दो बचपन के दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों का सपना राष्ट्रीय पुलिस परीक्षा पास कर सम्मानजनक जीवन जीने का होता है। लेकिन जैसे ही वे अपने लक्ष्य के करीब पहुंचते हैं, हालात उनकी दोस्ती और रिश्तों की कड़ी परीक्षा लेने लगते हैं। निराशा, टूटते सपने और सामाजिक दबाव कहानी को भावनात्मक गहराई देते हैं।
दमदार कास्ट और मजबूत प्रोडक्शन
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। सहायक भूमिकाओं में हर्षिका परमार, शालिनी वत्स, पंकज दुबे और चंदन के आनंद जैसे कलाकार शामिल हैं। यह फिल्म फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
सच्ची घटना से मिली प्रेरणा
नीरज घायवान ने बताया कि फिल्म की प्रेरणा उन्हें 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के एक ऑप-एड लेख से मिली थी, जो एक सच्ची घटना पर आधारित था। उनके अनुसार, यह कहानी दोस्ती के ज़रिये उन बड़े सवालों को उठाती है, जिनसे आज दुनिया जूझ रही है-जैसे ग्रामीण इलाकों से पलायन, पहचान, सम्मान और अस्तित्व की तलाश। अब देखना है कि नीरज की ये फिल्म इतिहास रच पाती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications