Ikkis BO Collection Day 1: धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म का जादू, अगस्त्य नंदा की शानदार शुरुआत से हुई इतनी कमाई
Ikkis Box Office Collection Day 1: नए साल के पहले दिन रिलीज हुई फिल्म 'इक्कीस' ने बॉक्स ऑफिस पर सधी हुई लेकिन मजबूत एंट्री दर्ज कराई है। अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की डेब्यू फिल्म और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी सिनेमाई प्रस्तुति होने की वजह से ये फिल्म पहले से ही चर्चा में थी। अब रिलीज के साथ ही इसके पहले दिन के कलेक्शन ने इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
फिल्म 'इक्कीस' की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
जहां एक तरफ पिछले 28 दिनों से रणवीर सिंह की 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही है और दूसरी ओर हॉलीवुड की मेगा बजट फिल्म 'अवतार: फायर एंड एश' सिनेमाघरों में मजबूत मौजूदगी बनाए हुए है, ऐसे माहौल में 'इक्कीस' का रिलीज होना किसी चुनौती से कम नहीं था।

फिल्म की अच्छी कहानी और दमदार भावनाएं
इसके बावजूद फिल्म 'इक्कीस' ने पहले ही दिन ये साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और दमदार भावनाएं दर्शकों को बड़े पर्दे की तरफ बड़ी ही आसानी से खींच सकती हैं।
पहले दिन कितनी रही 'इक्कीस' की कमाई?
-बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'इक्कीस' ने ओपनिंग डे पर करीब 7 करोड़ रुपये की कमाई की है। ये आंकड़ा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि अगस्त्य नंदा का ये थिएट्रिकल डेब्यू है। फिल्म देशभक्ति और बायोपिक जॉनर पर आधारित है और इसके सामने बड़ी-बड़ी हिट फिल्में पहले से मौजूद हैं।
-ऑक्यूपेंसी की बात करें तो पहले दिन हिंदी में फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 31.94 फीसदी दर्ज की गई। फिल्म की कहानी-शौर्य, बलिदान और 21 साल के वीर सपूत पर आधारित है। फिल्म 'इक्कीस' की कहानी सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है।
क्या है फिल्म की दमदार कहानी?
आपको बता दें कि अरुण खेत्रपाल ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में मात्र 21 साल की उम्र में शहादत दी थी। उन्हें मरणोपरांत परम वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। वह ये सम्मान पाने वाले देश के सबसे कम उम्र के सैनिक थे। अगस्त्य नंदा ने अरुण खेत्रपाल के किरदार को पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निभाया है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
जयदीप अहलावत और धर्मेंद्र का दमदार योगदान
-फिल्म में जयदीप अहलावत ने पाकिस्तानी आर्मी के ब्रिगेडियर ख्वाजा मोहम्मद नसीर का रोल निभाया है। यही वह किरदार है, जिसने युद्ध में अरुण खेत्रपाल को शहीद किया था। फिल्म का सबसे भावुक हिस्सा तब आता है, जब ख्वाजा मोहम्मद नसीर लाहौर में अरुण के पिता से मिलते हैं और उनकी बहादुरी को सलाम करते हैं।
-अरुण खेत्रपाल के पिता का किरदार दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र ने निभाया है जो उनकी आखिरी फिल्म भी साबित हुई है। यही वजह है कि दर्शकों के लिए इक्कीस भावनात्मक रूप से और भी खास बन जाती है।
श्रीराम राघवन का निर्देशन और सोशल मीडिया रिएक्शन
'इक्कीस' के डायरेक्टर श्रीराम राघवन हैं, जिनकी कहानी कहने की शैली ने फिल्म को और प्रभावशाली बना दिया है। फिल्म देखने के बाद कई दर्शक भावुक नजर आए थे। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर इमोशनल रिव्यू और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
'इक्कीस' का बजट और दर्शकों का रिस्पॉन्स
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 'इक्कीस' का बजट 40 से 60 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। अब फिल्म की आगे की कमाई पूरी तरह पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ, वीकेंड ग्रोथ और देशभक्ति जॉनर के दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी।
-आपको बता दें कि कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' ने ओपनिंग डे पर 7.75 करोड़ रुपए की कमाई की थी। हालांकि ये फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर कमजोर पड़ती नजर आ रही है। वहीं 'इक्कीस' ने सीमित स्टारडम के बावजूद अच्छी शुरुआत की है।
-फिल्म 'इक्कीस' ने ये साबित कर दिया है कि सच्ची कहानियां और ईमानदार अभिनय आज भी दर्शकों के दिल तक पहुंच सकते हैं। धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होने के चलते भावनात्मक जुड़ाव और भी गहरा है। अब देखने वाली बात ये होगी कि आने वाले दिनों में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी रेस तय कर पाती है।












Click it and Unblock the Notifications