'मार दे इसे', कौन है वो महिला जिसके उकसाने पर हुई हुमा कुरैशी के 'भाई' की हत्या, CCTV फुटेज से सामने आया सच
Huma Qureshi Cousin Murder Case: दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई है। ये वारदात जंगपुरा भोगल लेन में हुई, जो निजामुद्दीन थाने के अंतर्गत आता है।
हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हुई हत्या
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गत 7 अगस्त 2025 (गुरुवार) रात आसिफ कुरैशी का पड़ोसियों से स्कूटी पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जो कि इतना बढ़ गया था कि जानलेवा हमला कर दिया गया।

एक महिला के उकसाने पर हुआ था हमला
-इस हत्याकांड में एक महिला की भूमिका भी सामने आई है। आसिफ कुरैशी के परिवार की शिकायत के अनुसार, झगड़े के दौरान एक महिला लगातार हमलावरों को उकसा रही थी। वह चिल्लाकर कई बार 'मार मार मार' कहती सुनाई दी, जिससे आरोपियों का गुस्सा और भड़क गया था।
-जानकारी के अनुसार इस महिला का नाम शैली है और माना जा रहा है कि उसका हमलावरों से कोई करीबी संबंध हो सकता है।
सीसीटीव फुटेज में कैद हुई वारदात
-घटना की एक सीसीटीवी क्लिप भी सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे दो युवक आसिफ कुरैशी के साथ हाथापाई कर रहे हैं। वीडियो में दिखाई देता है कि आसिफ को धक्का देकर गिरा दिया जाता है और उसके बाद उस पर हमला किया जाता है।
-बीच-बचाव की कोशिश के बावजूद एक युवक आसिफ को नीचे गिराकर उस पर जानलेवा हमला करता है। इस दौरान एक महिला की तेज आवाजें सुनाई देती हैं, जो लगातार हमलावरों को घटना को अंजाम देने के लिए भड़का रही थीं।
घटना के दोनों आरोपी नाबालिग हैं
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए उज्ज्वल (19) और गौतम (18) नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। एफआईआर नंबर 233/25 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
आसिफ कुरैशी के परिवार ने दिया ऐसा बयान
मृतक आसिफ कुरैशी के पिता इलियास कुरैशी और पत्नी साइनाज कुरैशी ने बताया है कि यह विवाद नया नहीं था। नवंबर 2024 में भी पार्किंग को लेकर इन युवकों से आसिफ का झगड़ा हो चुका था। वहीं आसिफ के भाई जावेद कुरैशी ने कहा है- इतनी छोटी सी बात पर इस तरह जान लेना कहां की इंसानियत है?
हुमा कुरैशी के पिता ने कही ऐसी बात
-मृतक के चाचा और हुमा कुरैशी के पिता सलीम कुरैशी ने इस घटना को लेकर मीडिया से बात की है। भतीजे आसिफ की मौत को लेकर सलीम कुरैशी काफी टूट गए हैं। उन्होंने रोते हुए मीडिया के सामने कहा- मैं घर पर था तभी कॉल आया कि किसी ने हमारे गेट के सामने स्कूटर खड़ा कर दिया है।
-सलीम कुरैशी ने आगे कहा- मेरे भतीजे आसिफ ने स्कूटर हटाने को कहा था ताकि रास्ता साफ हो जाए। इसी बात पर उन लड़कों से उसकी बहस हो गई और फिर दोनों ने मिलकर मेरे भतीजे पर हमला कर दिया। उन्होंने मेरी आंखों के सामने उसे छीन लिया। हुमा कुरैशी के पिता ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि आरोपियों को उनके किए की कड़ी सजा मिलनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications