27 नवंबर 2023 की सुबह क्या हुआ? 34 साल की एक्ट्रेस ने मुस्लिम Ex-BF का बताया ऐसा सच, बोलीं- CCTV फुटेज है
Himanshi Khurana and Asim Riaz: हिमांशी खुराना और आसिम रियाज का पुराना रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है। दोनों के ब्रेकअप के करीब ढाई साल बाद एक बार फिर उनके बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होता नजर आ रहा है। हाल ही में आसिम रियाज ने अपने पुराने रिश्ते और धर्म से जुड़े विवाद पर सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने कभी हिमांशी खुराना से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। अब हिमांशी ने आसिम के बयान पर पलटवार किया है।
हिमांशी खुराना ने आसिन रियाज पर किया पलटवार
हिमांशी खुराना ने कहा है कि उन्होंने हमेशा अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते समय मर्यादा और सम्मान बनाए रखा। हालांकि अगर उनके बारे में अपमानजनक बातें की गईं या उनकी सेहत और निजी संघर्षों का मजाक उड़ाया गया, तो वह अब चुप नहीं रहेंगी। एक्ट्रेस ने यहां तक कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अपने दावों के समर्थन में CCTV फुटेज और रिकॉर्डिंग भी सामने ला सकती हैं।

धर्म परिवर्तन को लेकर हिमांशी ने दी सफाई
-हिमांशी खुराना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को हमेशा ईमानदारी से लोगों के सामने रखा है। इनमें बिग बॉस का अनुभव, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
-एक्ट्रेस ने साफ किया कि उन्होंने कभी ये दावा नहीं किया कि उनका जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया गया था। उनके मुताबिक इस तरह का नैरेटिव लोगों और मीडिया की ओर से बनाया गया। हिमांशी खुराना ने कहा कि उन्होंने कभी अपनी निजी कहानी का इस्तेमाल किसी व्यक्ति का अपमान करने या उसे निशाना बनाने के लिए नहीं किया।
सबूतों की बात है तो हर चीज पर बात होगी
हिमांशी खुराना ने अपने पोस्ट में कहा कि अगर अब इस मामले में सबूतों की बात की जा रही है, तो वो भी पूरी सच्चाई सामने रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले के अलावा कथित हिंसा से संबंधित भी कुछ तथ्य और सबूत मौजूद हैं। एक्ट्रेस ने CCTV फुटेज और रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए 27 नवंबर 2023 की सुबह का भी उल्लेख किया। हालांकि उन्होंने इन सबूतों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक रूप से शेयर नहीं की है।
अपमान जारी रहा तो मैं चुप नहीं
हिमांशी ने आगे कहा कि जब उनकी सेहत का मजाक बनाया जाता है या उनके निजी संघर्षों पर सवाल उठाए जाते हैं, तब उन्हें लगता है कि अब एक सीमा तय करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी छवि खराब करने या उनका अपमान करने की कोशिश जारी रहती है, तो वह चुप रहकर सब कुछ सहन नहीं करेंगी। उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि जब दूसरे लोग अपनी निजी यात्रा और अनुभवों के बारे में सार्वजनिक रूप से बात कर सकते हैं, तो उन्हें अपनी कहानी बताने का अधिकार क्यों नहीं होना चाहिए।
तथ्यों और जवाबदेही के साथ होगी बात
हिमांशी खुराना ने अपने बयान में ये भी आरोप लगाया कि कुछ प्रोडक्शन हाउस और चैनल से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर आसिम की गलतियों को छिपाया। उन्होंने कहा कि अगर अब इस विवाद में सबूतों की बात होनी है तो वह पूरी ईमानदारी के साथ तथ्यों, जवाबदेही और सबूतों के आधार पर बात करने के लिए तैयार हैं।
आसिम रियाज ने हिमांशी के बयान पर क्या कहा था?
हिमांशी खुराना के एक पॉडकास्ट में अपने पुराने रिश्ते को लेकर बात करने के बाद आसिम रियाज ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने धर्म से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। आसिम ने ये भी अपील की थी कि धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दे को किसी के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने हिमांशी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि निजी और संवेदनशील मुद्दों को सार्वजनिक बहस का हिस्सा बनाना सही नहीं है।
पॉडकास्ट में हिमांशी खुराना ने क्या बताया था?
आसिम रियाज की प्रतिक्रिया हिमांशी खुराना के पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में शामिल होने के कुछ दिनों बाद आई थी। बातचीत के दौरान हिमांशी ने आसिम का नाम लिए बिना अपने पुराने रिश्ते से जुड़े कई पहलुओं पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि रिश्ते में धार्मिक मतभेदों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। हिमांशी के मुताबिक उनके एक्स पार्टनर चाहते थे कि वह उनके धर्म को समझें और अपनाएं। हालांकि उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया क्योंकि उन्हें लगा कि ये उनके अपने धर्म और मान्यताओं के साथ सही नहीं होगा।
'बिग बॉस 13' में शुरू हुई थी लव स्टोरी
-हिमांशी खुराना और आसिम रियाज की मुलाकात 'बिग बॉस 13' के दौरान हुई थी। शो में दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। शो से बाहर आने के बाद भी दोनों लंबे समय तक साथ रहे और सोशल मीडिया पर भी अक्सर एक-दूसरे के साथ नजर आते थे।
-करीब 4 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दिसंबर 2023 में दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए थे। उस समय दोनों ने अपने अलग होने की वजहों को लेकर धर्म का भी जिक्र किया था। अब इतने समय बाद पुराने रिश्ते से जुड़े बयान सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


Click it and Unblock the Notifications
