Grammy Awards 2026: कब और कहां देखें ग्रैमी अवॉर्ड सेरेमनी? भारत को ये नाम दिला सकते हैं ट्रॉफी
Grammy Awards 2026: दुनिया भर में संगीत लगातार नए आयाम छू रहा है और हर संस्कृति, हर शैली के सुरों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिल रहा है। इसी वैश्विक संगीत प्रतिभा को सम्मानित करने के लिए हर साल प्रतिष्ठित ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन किया जाता है। जिस तरह ऑस्कर अवॉर्ड्स विश्व सिनेमा को एक साझा मंच देते हैं, उसी तरह ग्रैमी अवॉर्ड्स सभी तरह के संगीत और कलाकारों को पहचान दिलाते हैं। एक बार फिर यह भव्य समारोह आयोजित होने जा रहा है, जिसमें संगीत जगत की बेहतरीन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

ट्रेवर नोआ करेंगे शो की मेजबानी
इस साल के ग्रैमी अवॉर्ड्स शो की मेजबानी मशहूर कॉमेडियन और चार बार ग्रैमी नॉमिनी रह चुके ट्रेवर नोआ करेंगे। उनके हास्य और प्रस्तुति शैली से समारोह के और भी मनोरंजक होने की उम्मीद है। शो के दौरान सर्वश्रेष्ठ नए कलाकारों की श्रेणी में नामांकित कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी।
भारत और अमेरिका में कहां देखें ग्रैमी
भारत में दर्शक ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 का लाइव प्रसारण जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे। यह कार्यक्रम 2 फरवरी की सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा। वहीं, अमेरिका में यह समारोह सुबह 8 बजे से पैरामाउंट प्लस पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा, साथ ही इसे हुलू प्लस, यूट्यूब टीवी और फूबो टीवी पर भी देखा जा सकेगा।
नए कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां
इस बार ग्रैमी मंच पर कई उभरते सितारे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें लियोन थॉमस, ओलिविया डीन, ग्लोबल गर्ल, काटसेयी ग्रुप, द मेरियस, एडिसन राई, सोमी, एलेक्स वॉरेन और लोला यंग जैसे नाम शामिल हैं। ये कलाकार अपनी अनोखी संगीत शैली के लिए पहले ही चर्चा में हैं।
सुपरस्टार्स से सजेगी संगीतमय शाम
ग्रैमी नाइट को यादगार बनाने के लिए कई अंतरराष्ट्रीय सुपरस्टार्स भी मंच पर उतरेंगे। सबरीना कारपेंटर, जस्टिन बीबर, रोज, ब्रूनो मार्स और टाइलर जैसे लोकप्रिय कलाकार अपनी लाइव परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। यह शाम संगीत प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगी।
ग्रैमी में भारत की मजबूत मौजूदगी
ग्रैमी अवॉर्ड्स में भारत पहले भी अपनी छाप छोड़ चुका है। शंकर महादेवन और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। इस बार भी भारतीय संगीत की गूंज नामांकन सूची में सुनाई दे रही है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाती है।
भारतीय कलाकारों को मिला नामांकन
प्रसिद्ध सितार वादक अनुष्का शंकर को उनके गीत 'डेब्रेक' के लिए ग्रैमी नामांकन मिला है। इसके अलावा संगीतकार सिद्धांत भाटिया, पियानो वादक चारू सूरी और मशहूर फ्यूजन बैंड शक्ति को भी नामांकित किया गया है। खास बात यह है कि सिद्धांत भाटिया और शंकर महादेवन का बैंड शक्ति 'बेस्ट वर्ल्ड म्यूजिक एल्बम' कैटेगरी में भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications