Govinda Hospitalised: गोविंदा की तबीयत बिगड़ी, रात 1 बजे अस्पताल में किया गया भर्ती, क्या हुआ एक्टर को?
Govinda Hospitalised: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा की तबीयत को लेकर फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है। धर्मेंद्र और प्रेम चोपड़ा की सेहत को लेकर पहले से ही चिंता जताई जा रही थी और अब गत 11 नवंबर 2025 (मंगलवार) देर रात गोविंदा को भी मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर पर बेहोश हो गए थे गोविंदा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गत 11 नवंबर 2025 की देर रात गोविंदा अचानक घर पर बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनके करीबी दोस्त और लीगल एडवाइजर ललित बिंदल ने एनडीटीवी से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की है।

अस्पताल में चल रहा है गोविंदा का इलाज
-ललित बिंदल ने बताया है- गोविंदा देर रात बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों से फोन पर कंसल्ट करने के बाद उन्हें दवा दी गई लेकिन जब सुधार नहीं हुआ तो रात करीब एक बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में उन्हें भर्ती कराया गया है।
-वहीं अस्पताल सूत्रों के अनुसार गोविंदा के कई मेडिकल टेस्ट किए गए हैं और अब रिपोर्टस का इंतजार है। आपको बता दें कि एक्टर की टीम की तरफ से अभी तक उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अक्टूबर 2024 में गोविंदा के पैर में लगी थी गोली
-जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2024 में गोविंदा के साथ एक हादसा हुआ था। उस दौरान उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी जो उनके पैर में लग गई थी। उस वक्त भी उन्हें जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था।
-ICU में भर्ती रहने के बाद गोविंदा की सर्जरी हुई थी और पैर से गोली निकाली गई थी। तब गोविंदा ने मीडिया से बातचीत में कहा था- मैं कोलकाता के एक शो के लिए निकलने की तैयारी कर रहा था। सुबह करीब 5 बजे का समय था। तभी रिवॉल्वर गिर गई और अचानक चल पड़ी।मैं हैरान रह गया और देखा कि खून तेजी से बहने लगा था।
धर्मेंद्र से अस्पताल में मिलने पहुंचे थे गोविंदा
-बीते कुछ दिनों से गोविंदा सोशल मीडिया और प्रोफेशनल कमिटमेंट्स में दोबारा एक्टिव नजर आ रहे थे। कुछ दिन पहले ही वह अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे थे, जहां वह पूरी तरह से स्वस्थ दिखाई दे रहे थे।
-इसके अलावा गोविंदा हाल ही में एक डांस रिएलिटी शो में स्पेशल गेस्ट के रूप में नजर आए थे। वहीं उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनका रिश्ता भी अक्सर सुर्खियों में रहता है। हाल ही में सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में गोविंदा की पूजा-पाठ की आदतों पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद अभिनेता को सफाई देनी पड़ी थी और उन्होंने माफी भी मांगी थी।
फैंस मांग रहे हैं दुआएं
धर्मेंद्र और प्रेम चोपड़ा के बाद अब गोविंदा की तबीयत को लेकर भी फैंस चिंतित हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांग रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications