नसीरुद्दीन शाह से 'गदर 2' के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने की विनती, कहा- पहले फिल्म देखें, उसके बाद बयान......
Anil Sharma To Naseeruddin Shah: बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर नसीरुद्दीन शाह इस समय लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। नसीरुद्दीन शाह अक्सर अपनी बयानबाजी के चलते सुर्खियों में छा जाते हैं। इस बार भी उन्होंने बॉलीवुड की कई चीजों को लेकर कुछ ऐसे बयान दिए हैं जिसके चलते वह सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। उनके कुछ शब्दों ने तबाही मचा दी है। नसीरुद्दीन शाह ने एक इंटरव्यू में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर 2' के डायरेक्टर अनिल शर्मा के बारे में भी काफी कुछ कहा है जिस पर अब निर्देशक ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह अगर इस मूवी को एक बार देख लेंगे तो शायद उनकी राय बदल जाएगी।
अनिल शर्मा ने नसीरुद्दीन शाह से की विनती
आपको बता दें कि बॉलीवुड डायरेक्टर अनिल शर्मा की की फिल्म 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाते हुए 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं नसीरुद्दीन शाह की बातों का जवाब देते हुए अनिल शर्मा ने आज तक से कहा है कि वह नसीर साहब के उस कोट को पढ़कर हैरान हो गए हैं। अनिल शर्मा ने कहा- नसीर साहब तो मुझसे वाकिफ हैं। उन्हें मेरी विचारधारा का भी पता है। उसके बाद भी वो 'गदर 2' के बारे में इस तरह की बातें कर रहे हैं।

अनिल शर्मा बोले- एक बार 'गदर 2' देख लें, फिर बयान बदल जाएगा
'गदर 2' के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने कहा- मैं तो बस यही कहूंगा कि मेरी फिल्म किसी समुदाय या देश के खिलाफ नहीं है। वह तो खुद में ही एक फिल्म है। फिल्म देशभक्ति से भरी है। वह सीक्वल है और पूरी मसाला मूवी है। मैं नसीर साहब से यही कहूंगा कि वो एक बार 'गदर 2' देखें, उसके बाद वह अपना बयान जरूर बदल लेंगे। हालांकि मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि वह मेरी फिल्म को लेकर इस तरह की बातें कर रहे हैं।
'मैंने हमेशा मसाला मूवी की तरह से ही फिल्मों का निर्माण किया है'
अनिल शर्मा ने आगे कहा- नसीर साहब ऐसी बातें कह ही नहीं सकते। मैं उनकी एक्टिंग का दीवाना हूं। अगर वो ऐसा सोचते हैं तो मेरी उनसे गुजारिश है कि वह एक बार जरूर 'गदर 2' देखें। मैंने हमेशा मसाला मूवी के तरह से ही फिल्मों का निर्माण किया है। मेरा कोई भी राजनीतिक प्रोपेगैंडा नहीं होता है। इस बात से वह भी अनजान नहीं हैं।
नसीरुद्दीन शाह ने कही थी ये बात
आपको बता दें कि हाल ही में नसीरुद्दीन शाह ने एक इंटरव्यू में बॉलीवुड फिल्मों की मेकिंग के उद्देश्य में आए बदलाव को लेकर कहा था- आप जितने अधिक अंधराष्ट्रवादी होंगे, आप उतने ही अधिक पॉपुलर होंगे, क्योंकि वही इस देश पर शासन कर रहा है। अपने देश से प्यार करना ही काफी नहीं है बल्कि इसके बारे में ढोल पीटना और काल्पनिक दुश्मन पैदा करना भी मायने रखता है।
'गदर 2' पर नसीरुद्दीन शाह का कमेंट
नसीरुद्दीन शाह ने 'गदर 2' को लेकर कहा था- इन लोगों को ये एहसास नहीं है कि वो जो कर रहे हैं वह बहुत ही हानिकारक है। 'द केरल स्टोरी', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'गदर 2' जैसी फिल्में, मैंने नहीं देखी हैं, लेकिन मुझे पता है कि वो किस बारे में हैं। ये परेशान करने वाली बात है कि ये फिल्में इतनी पॉपुलर हो रही हैं। इन फिल्मों को बड़े पैमाने पर लोकप्रिय होते देखना 'परेशान' करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications