Gadar 2 के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने अक्षय कुमार से अपनी गलती के लिए मांगी माफी, जानें क्या हुआ है मामला
Gadar 2 Anil Sharma: फिल्म 'गदर 2' जहां सिनेमाघरों में धूम मचा रही हैं, वहीं इसके निर्देशक अनिल शर्मा को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। खबर है कि अनिल शर्मा ने एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने दावा किया था कि अक्षय कुमार ने कथित तौर पर फिल्म 'ओह माय गॉड 2' को उसी दिन रिलीज करके और इसकी स्क्रीन की संख्या को विभाजित करके सनी देओल की फिल्म को कई रिकॉर्ड से वंचित कर दिया था। आपको बता दें कि 'गदर 2' और 'ओएमजी 2', ये दोनों फिल्में गत 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। जहां 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं 'ओएमजी 2' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
अनिल शर्मा ने किया था ऐसा ट्वीट
'गदर 2' के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने गलती से एक ट्वीट को कोट करते हुए लिखा था- बधाई हो अक्की सर, लेकिन आपने स्क्रीन को विभाजित करके और ओवरफ्लो का उपयोग करके सचमुच 'गदर 2' के कई रिकॉर्डों को नकार दिया है। फिर भी बधाई। इस ट्वीट का एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग ऐसा ट्वीट करने के लिए अनिल शर्मा की आलोचना कर रहे हैं।

'गदर 2' के डायरेक्टर की हो रही है आलोचना
एक शख्स ने इस ट्वीट पर कमेंट करते हुए लिखा है- भाई ऐसा अभिनय कर रहे हैं जैसे उन्होंने कोई फिल्म नहीं बल्कि मास्टरपीस बनाया हो। वहीं एक और सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है- यदि 'ओएमजी 2' को 'ए' सर्टिफिकेट नहीं मिलता तो इसका वास्तव में 'गदर 2' पर प्रभाव पड़ता। वहीं एक और यूजर ने लिखा है- लोग किसी बात को इतना बड़ा बना देते हैं और जब इसका उल्टा असर उन पर होता है तो वो रोने लगते हैं।
अनिल शर्मा ने मांगी माफी
इसके बाद अनिल शर्मा ने अपनी गलती के लिए सोशल मीडिया पर माफी मांगी। उन्होंने लिखा- सभी को नमस्कार.. मैं इसे रीट्वीट करना चाहता था, लेकिन गलती से कमेंट के रीट्वीट बटन पर क्लिक कर दिया। अक्षय कुमार के लिए हमेशा प्यार और सम्मान.. इंडस्ट्री जीत गई है.. सभी को बधाई। दोनों फिल्में कमाल कर रही हैं।
अक्षय कुमार से अनिल शर्मा ने कही ऐसी बात
अनिल शर्मा ने अक्षय कुमार के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी, जहां उन्होंने दर्शकों को उनकी फिल्म 'ओएमजी 2' पर अपना प्यार बरसाने और दोनों फिल्मों को देखकर वीकेंड को शानदार बनाने के लिए धन्यवाद दिया था। अक्षय कुमार ने सनी देओल की फिल्म को बढ़िया बताते हुए उनके लिए 'उड़ जा काले कावा' गाना भी गाया था।
ट्वीट में अक्षय कुमार ने लिखा था- 'ओएमजी 2' को इतना प्यार देने और हमें भारतीय फिल्म इतिहास का सबसे महान सप्ताह देने के लिए हमारे दर्शकों को बहुत-बहुत धन्यवाद। प्यार और दोस्ती...'गदर 2' और 'ओएमजी 2' इस समय सिनेमाघरों हैं। इसका मजा लें।












Click it and Unblock the Notifications