ए. आर. रहमान के सपोर्ट में आए BJP के Ex सांसद, म्यूजिशन को बोले- 'आप हमारा गौरव हैं'
ए.आर. रहमान ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कथित सांप्रदायिक पूर्वाग्रह को लेकर जो बयान दिया, उसके बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मुद्दे पर अब एक्टर और BJP के पूर्व सांसद परेश रावल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने रहमान के स्पष्टीकरण वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें "हमारे देश का गौरव" बताया है। हालांकि, रहमान का समर्थन करना परेश रावल को सोशल मीडिया पर भारी पड़ गया और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, ए.आर. रहमान का एक वीडियो संदेश इन दिनों सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि पिछले आठ वर्षों से उन्हें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक तरह के भेदभाव का अनुभव हो रहा है। इस बयान के बाद जहां कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की, वहीं बड़ी संख्या में प्रशंसक और कलाकार उनके समर्थन में भी सामने आए।
We love you sir . You are our pride. 🙏❤️ https://t.co/5a4bfXTYiD
— Paresh Rawal (@SirPareshRawal) January 18, 2026
अपने स्पष्टीकरण वीडियो में रहमान ने कहा कि संगीत हमेशा उनके लिए अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ने और उनका सम्मान करने का माध्यम रहा है। उन्होंने भारत को अपनी प्रेरणा, गुरु और घर बताया। रहमान के अनुसार, कई बार उनके इरादों को गलत समझा जा सकता है, लेकिन उनका उद्देश्य हमेशा संगीत के ज़रिए लोगों को जोड़ना, सम्मान देना और समाज की सेवा करना रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका मकसद कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं रहा।
रहमान ने खुद को भारतीय होने पर गर्व महसूस करने की बात कही और कहा कि भारत ऐसा देश है, जहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और बहुसांस्कृतिक आवाज़ों को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने अपने करियर की विभिन्न यात्राओं का ज़िक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स से लेकर युवा नागा संगीतकारों के साथ काम करना, सनशाइन ऑर्केस्ट्रा को मेंटर करना और भारत का पहला बहुसांस्कृतिक वर्चुअल बैंड तैयार करना उनके सफर का हिस्सा रहा है। इसके अलावा, 'रामायण' के लिए हॉलीवुड संगीतकार हंस ज़िमर के साथ काम करने को उन्होंने सम्मान बताया।
इससे पहले बीबीसी को दिए एक पुराने इंटरव्यू में रहमान ने कहा था कि शायद पहले उन्हें इस तरह की चीज़ों का अहसास नहीं हुआ, लेकिन बीते कुछ वर्षों में परिस्थितियां बदली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अक्सर अप्रत्यक्ष रूप से बताया जाता है कि किसी प्रोजेक्ट के लिए उन्हें चुना गया था, लेकिन बाद में किसी और को मौका मिल गया। रहमान ने साफ किया कि वे काम की तलाश में नहीं रहते और अपने परिवार के साथ समय बिताने को प्राथमिकता देते हैं।
बता दें, ए.आर. रहमान इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' के संगीत पर काम कर रहे हैं। रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म में हंस ज़िमर के साथ उनकी साझेदारी को उनके करियर की अहम उपलब्धियों में गिना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications