'बाथरूम में की गंदी हरकत, जबरन बेड पर लेटाकर', Dhurandhar के प्रोडक्शन डिजाइनर पर FIR, कौन है पीड़ित महिला?
FIR Against Dhurandhar Production Designer: बॉलीवुड के पॉपुलर डायरेक्टर आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। खबर है कि फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर Saini S Johar के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने यौन उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप फिल्म की ही एक महिला क्रू सदस्य ने लगाए हैं, जो दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही हैं।
आरोपी को मिली जमानत
हालांकि मामले में आरोपी को जमानत मिल चुकी है लेकिन अब तक उन्होंने सार्वजनिक तौर पर इन आरोपों पर कोई बयान जारी नहीं किया है। इस बीच पूरे मामले ने सोशल मीडिया से लेकर फिल्मी गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है।

प्रोफेशनल मीटिंग के नाम पर होटल बुलाने का आरोप
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला ने 20 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 123 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
-महिला का आरोप है कि सैनी एस जोहरे ने उन्हें काम से जुड़ी जरूरी चर्चा का हवाला देकर चंडीगढ़ के ताज होटल के एक कमरे में बुलाया था। शुरुआत में उन्हें लगा कि वहां फिल्म टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद होंगे लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि मीटिंग सिर्फ उनके लिए रखी गई थी।
'इस मीटिंग के बारे में किसी को मत बताना'
-शिकायतकर्ता ने अपने बयान में बताया है कि ताज होटल में बुलाने से पहले आरोपी ने कई बार उन्हें ये कहा था कि इस मीटिंग की जानकारी किसी को न दी जाए। महिला के मुताबिक आरोपी का कहना था कि अगर ये बात बाहर गई तो उनकी प्रोफेशनल इमेज खराब हो सकती है।
-महिला ने ये भी बताया कि उस समय वह फिल्म धुरंधर में सपोर्टिंग आर्ट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रही थीं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान एक फैकल्टी मेंबर ने उनका रिज्यूमे फिल्म टीम तक पहुंचाया था, जिसके बाद उन्हें ये प्रोजेक्ट मिला था।
खुद को 'गुरु' बताकर जीता भरोसा
शिकायतकर्ता के अनुसार सैनी एस जोहरे ने खुद को उनका गुरु बताया था और कहा था कि वह दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट से जुड़े रहे हैं। इसी वजह से उन्हें उन पर भरोसा हो गया। महिला ने आरोप लगाया कि इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उन्हें पर्सनल मुलाकात के लिए बुलाया था।
शराब पीने का दबाव और नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
-महिला के मुताबिक वह 10 सितंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे चंडीगढ़ के ताज होटल होटल पहुंची थीं। FIR में दावा किया गया है कि वहां आरोपी ने उन पर शराब पीने का दबाव बनाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने वाइन और रम मिलाकर ड्रिंक तैयार की थी और मना करने के बावजूद उन्हें पीने के लिए मजबूर किया था।
-महिला ने आरोप लगाया कि ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद ही उन्हें तेज चक्कर आने लगे थे और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। उन्होंने कई बार कमरे से बाहर जाने की कोशिश की लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया गया था।
डांस सिखाने के बहाने गलत हरकत करने का आरोप
-शिकायत में ये भी कहा गया है कि आरोपी ने डांस सिखाने के बहाने उन्हें अनुचित तरीके से छुआ था और आपत्तिजनक हरकतें की थीं। महिला का आरोप है कि उनकी हालत लगातार खराब होती गई और उन्हें कई बार उल्टियां भी हुईं।
-FIR के मुताबिक शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि आरोपी ने बाथरूम में भी उनके साथ गलत व्यवहार जारी रखा। इतना ही नहीं महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरदस्ती बिस्तर पर लिटाया गया और रातभर कमरे में रुकने का दबाव बनाया गया।
'पूरी रात डर और तनाव में बीती'
महिला ने अपने बयान में कहा कि उस वक्त वह मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद कमजोर महसूस कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पूरी रात डर और तनाव में रहीं और खुद का बचाव करने की स्थिति में नहीं थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार अगली सुबह वह किसी तरह होटल से बाहर निकलीं और टैक्सी के जरिए वहां से चली गईं।
पुलिस जांच जारी, आरोपी को मिली जमानत
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है। आरोपी सैनी एस जोहरे को अदालत से जमानत मिल चुकी है। हालांकि अब तक उनकी तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ये मामला सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।













Click it and Unblock the Notifications