भारत को WC जिताने वाले कपिल देव को रोमी से I Love You कहने में लगे थे पूरे एक साल, पढ़े लवस्टोरी
मुंबई, 23 दिसंबर। फिल्म '83' का टीजर रिलीज हो गया है, जिसे देखते ही हर भारतवासी को वो गौरवान्वित पल याद आ गया, जब भारत पहली बार क्रिकेट का विश्वविजेता बना था। इस मैच से पहले क्रिकेट की दुनिया में इंडिया की गिनती एक बच्चे के तौर पर होती थी लेकिन जब इसी बच्चे ने फाइनल में वेस्टइंडीज जैसी सूरमा टीम को हराया तो एक पल बाद ही सबकुछ बदल गया। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लार्डस में ये इतिहास रचा था कैप्टन कपिल देव के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने, उस दिन के बाद से विश्वपटल पर क्रिकेट की दुनिया में इंडिया की सूरत ही बदल गई थी।

कपिल देव ने खेली थी बेहतरीन पारी
अपने क्रिकेट जीवन में 400 से अधिक विकेट लेने वाले और टेस्ट में 5000 से अधिक रन बनाने वाले कपिल देव ने उस सीरीज में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ जो अभूतपूर्व पारी खेली थी उसे शब्दों में बयां कर पाना ही मुश्किल है। क्रिकेट की दुनिया में उस वक्त भी कई नायाब सितारे थे और उसके बाद भी भारत में कई महान खिलाड़ी पैदा हुए लेकिन कपिल देव जैसा ना कोई था, ना कोई है और ना ही कोई ऐसा होगा।

I Love You कहने में लगे थे एक साल
लेकिन अपने करियर में एक भी 'नो बॉल' ना फेंकने वाले कपिल देव को इश्क की पिच पर बैटिंग करना काफी मुश्किल भरा रहा था। वो चाहकर भी अपने दिल की बात को अपनी मित्र रोमी भाटिया को बता नहीं पा रहे थे और उन्हें I Love You कहने में पूरा एक साल लग गया था। इस बात का खुलासा खुद कपिल ने ही एक एफएम शो के दौरान किया था।

मैं खुद बहुत शर्मीला इंसान था: कपिल देव
उन्होंने कहा था कि 'ये बात साल 1978 की है। मैं और रोमी एक साथ कॉलेज में थे और एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हमारी बातचीत हो चुकी थी। लेकिन उस वक्त लड़का या लड़की खुलकर प्रेम या दोस्ती की बातें नहीं करते थे। मैं खुद बहुत शर्मीला था। मैं और रोमी एक एक-दूसरे को पसंद तो करते थे लेकिन अपनी दिल की बातें कह नहीं पा रहे थे। आजकल चीजें काफी ईजी हो गई हैं। लोग मोबाइल, चैट के जरिए अपने दिल की बातें कह देते हैं लेकिन उस वक्त ऐसा होता नहीं था। मुझे रोमी को अपनी दिल की बात बताने में पूरा एक साल लग गया था।'

'हमारे घर से फोन पर से STD ही कटवा दी गई'
इंटरव्यू के दौरान कपिल ने एक बड़ी ही मजेदार बात भी बताई थी। उन्होंने कहा कि 'हम लोग फोन पर बहुत बतियाने लग गए थे। जिसके कारण हमारे घर में फोन पर बिल काफी आने लगा था। आलम यह था कि हमारे घरवालों ने हमारे घर से फोन पर से STD ही कटवा दी थी,अब ऐसे में हम क्या करें? इसलिए मैंने एक समाधान निकाला और मैं क्रिकेट की प्रैक्टिस के बहाने अपने घर से एक घंटा पहले निकलने लगा। मैं सीधे अपने घर से हवाई अड्डे के पास वाले पीसीओ जाता था और वहां से रोमी से बातें करता था और जब घंटा भर बतिया लेता था तो खेलने जाता था।'

मजेदार ढंग से शादी के लिए पूछा
यही नहीं जब कपिल ने रोमी को शादी के लिए पूछा था तो वो भी काफी हैरत अंगेज था। दरअसल एक एड शूट करने के बाद कपिल की दांतों में मक्खन लगा था। उन्होंने रोमी से कहा कि वो फोटो क्लिक करें, इस पर रोमी ने उनसे सवाल किया अरे क्यों? इस पर कपिल ने मुस्कुराते हुए कहा था, 'अरे अपने बच्चों को दिखाऊंगा'। इस पर रोमी भी शरमा गई थीं और वो समझ गईं थी कि कपिल ने उन्हें इनडायरेक्टली शादी के लिए पूछा है।

स्मार्ट और लविंग कपल
मालूम हो कि कपिल और रोमी क्रिकेट की दुनिया के स्मार्ट और लविंग कपल कहे जाते हैं। दोनों ने साल 1980 में शादी की थी। दोनों को शादी से एक बेटी अमिया देव है, जिसका जन्म साल 1996 में हुआ। गौरतलब है कि कपिल देव साल 1978 से लेकर 1994 तक भारतीय टीम की ओर से खेले हैं, उन्होंने 131 टेस्ट में 434 और 225 वनडे में 253 विकेट अपने नाम किए हैं।
रणवीर-दीपिका बने कपिल-रोमी
फिल्म '83' कपिलदेव की जीवन पर ही आधारित है, जिसमें कपिल देव का किरदार रणवीर सिंह प्ले कर रहे हैं, जबकि रोमी भाटिया दीपिका पादुकोण बनी हैं।












Click it and Unblock the Notifications