दुलकर सलमान और पृथ्वीराज सुकुमारन के घर पर पड़ा छापा, कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, क्या है मामला?
Dulquer Salmaan-Prithviraj Sukumaran: कस्टम विभाग ने 'ऑपरेशन नुमखोर' के तहत केरल में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। ये कार्रवाई उस गिरोह की तलाश में की जा रही है, जो कथित तौर पर भूटानी सेना की ओर से छोड़ी गई 150 से अधिक गाड़ियों को अवैध तरीके से भारत लाकर बेच रहा था।
पृथ्वीराज सुकुमारन और दुलकर सलमान के घर पर पड़ा छापा
जांच के दायरे में अब फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नाम भी सामने आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मलयालम फिल्मों के पॉपुलर एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन और दुलकर सलमान के घर पर भी छापे मारे गए हैं।

भूटान से बिना टैक्स चुकाए गाड़ियां लाने का मामला
-अब तक कोझिकोड और मल्लपुरम जिलों में 7 जगहों से 11 लग्जरी वाहनों को जब्त किया गया है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, कस्टम अधिकारियों का कहना है कि भूटान से महंगे वाहनों को पुराने वाहन बताकर बिना टैक्स दिए भारत लाने की घटनाएं सामने आई हैं।
-कस्टम अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार अब तक ऐसे करीब 15 केस दर्ज किए गए हैं। जब अधिकारियों से फिल्म एक्टर्स के घरों पर छापेमारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि फिलहाल उनकी गाड़ियों के कागजात की गहन जांच की जा रही है।
दुलकर सलमान की कार सीज
-न्यूज 18 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दुलकर सलमान की एक गाड़ी अधिकारियों ने जब्त कर ली है। साथ ही उन्हें ये निर्देश दिया गया है कि अगर उनके पास अन्य गाड़ियां भी हैं तो उन्हें तत्काल कस्टम विभाग के सामने प्रस्तुत किया जाए।
-सीज किए गए वाहनों को करीपुर एयरपोर्ट स्थित कस्टम ऑफिस में ले जाया गया है। इनमें लैंड क्रूजर, लैंड रोवर, टाटा एसयूवी और महिंद्रा ट्रक जैसे वाहन शामिल हैं, जो कथित तौर पर भूटानी सेना से नीलामी के बाद निकले थे।
फर्जी रजिस्ट्रेशन का खेल
-ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ये पूरा नेटवर्क गाड़ियों को फर्जी दस्तावेजों के सहारे वैध दिखाने का काम करता है। पहले इन्हें हिमाचल प्रदेश में रजिस्टर्ड कराया जाता है और उसके बाद केरल में भेजा जाता है।
-अधिकारियों का कहना है कि 'ऑपरेशन नुमखोर' अभी जारी है और बरामद दस्तावेजों व सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुलकर सलमान, पृथ्वीराज सुकुमारन और अमित चक्कलक्कल जैसे स्टार्स के घरों तक पहुंची ये जांच अब लोगों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications