'धुरंधर' की सक्सेस के बाद चमकी रणवीर सिंह की किस्मत, 'डॉन 3' की शूटिंग पर आया बड़ा अपडेट
Don 3 Update: फरहान अख्तर की क्राइम थ्रिलर फिल्म 'डॉन 3' को लेकर लंबे समय से दर्शकों में एक्साइटमेंट बनी हुई थी। साल 2023 में जब इस फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त का ऐलान हुआ और रणवीर सिंह को नए 'डॉन' के रूप में पेश किया गया, तब से ही फिल्म चर्चा में है। अब एक बार फिर इस प्रोजेक्ट को लेकर अहम खबर सामने आई है, जिसने फैंस की उम्मीदें जगा दी हैं।

लंबे समय से अटकी थी फिल्म
शुरुआत में खबरें थीं कि 'डॉन 3' की शूटिंग इसी साल शुरू हो जाएगी, लेकिन महीनों तक कोई ठोस अपडेट नहीं आने से यह माना जाने लगा कि फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई है। शेड्यूलिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी दिक्कतों के चलते प्रोजेक्ट में देरी हुई, जिससे इसके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
अब 'न्यूज18 शोशा' की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, 'डॉन 3' पूरी तरह से पटरी पर लौट आई है। फिल्म का प्रोडक्शन दोबारा शुरू करने की तैयारी हो चुकी है और इसे फ्लोर पर लाने का फैसला ले लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह भी फिल्म के लिए एक्शन सीक्वेंस की तैयारी में जुट गए हैं।
रणवीर सिंह की जबरदस्त तैयारी
हाल ही में आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' में दमदार प्रदर्शन देने के बाद रणवीर सिंह एक बार फिर बड़े एक्शन अवतार में नजर आने को तैयार हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके "गेम में लौटने" के बाद मेकर्स अब किसी भी तरह की और देरी नहीं चाहते। फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में शुरू हो सकता है। हालांकि, अभी तक रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मेकर्स फिलहाल शूटिंग पर फोकस कर रहे हैं।
स्टारकास्ट और विलेन को लेकर सस्पेंस
'डॉन 3' में रणवीर सिंह के साथ कृति सेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो हाल ही में 'तेरे इश्क में' की सफलता से चर्चा में रहीं। वहीं, विलेन के किरदार को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पहले विक्रांत मैसी का नाम सामने आया था, फिर उनके बाहर होने की खबरें आईं और बाद में साउथ एक्टर अर्जुन दास की एंट्री की चर्चा हुई। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स अब भी विक्रांत मैसी को ही इस रोल के लिए फाइनल करना चाहते हैं, क्योंकि रणवीर और विक्रांत की टक्कर पर्दे पर बेहद दिलचस्प साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications