Dino Morea पहुंचे ED ऑफिस, छापेमारी के बाद अब हो रही पूछताछ, मीठी नदी घोटाले में अब किसका होगा पर्दाफाश
Dino Morea: बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया पिछले कुछ समय से खबरों में छाए हुए हैं। दरअसल एक्टर मीठी नदी घोटाले मामले में बुरी तरह से फंस गए हैं। इस घोटाले के चलते उन्हें ईडी ने समन भेजा था। साथ ही मुंबई में उनके घर से लेकर ऑफिस तक पर छापेमारी की गई थी।
पूछताछ के लिए ईडी ऑफिस पहुंचे डिनो मोरिया
अब इसी केस के सिलसिले में डिनो मोरिया को ईडी के ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एक्टर थोड़ी देर पहले ही ईडी के ऑफिस पहुंचे हैं। उनसे अब इस मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।

मीठी नदी घोटाले में क्यों सामने आया डिनो मोरिया का नाम?
आपको बता दें कि मुंबई में बाढ़ और जलजमाव की हालत के पीछे मीठी नदी की सफाई में हुए घोटाले को जिम्मेदार माना जाता है। वहीं इस मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही कई तरह के चौंकाने वाले खुलासे भी हो रहे हैं। इस मामले में एक्टर डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने तलब भी किया था।
डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो से क्यों हुई थी पूछताछ?
-जानकारी के अनुसार ये मामला 20 साल पुराना है। 20 साल से मीठी नदी की गाद निकालने की परियोजना में कथित राशि की हेराफेरी की जांच की जा रही है। इस मामले में बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया का नाम जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डिनो मोरिया को उनके कॉल रिकॉर्ड्स के कारण इस मामले से जोड़ा जा रहा है।
-आरोप है कि डिनो मोरिया और और उनके भाई सेंटिनो, इस घोटाले के मुख्य आरोपी के संपर्क में थे। ऐसे में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों भाइयों से गत 26 मई 2025 को करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी। लेकिन जांच एजेंसी के मुताबिक, ये पूछताछ काफी नहीं थी। इसके बाद दोनों भाइयों से गत 28 मई 2025 को एक बार फिर पूछताछ की गई थी। आपको बता दें कि इस मामले में बीएमसी की टीम से भी कई तरह के सवाल किए गए हैं।
केतन कदम से संपर्क में थे एक्टर
आपको बता दें कि पिछले महीने मुंबई पुलिस ने 5 निजी ठेकेदारों और बीएमसी के 3 अधिकारियों के साथ 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कहा जा रहा है कि केतन कदम ने मीठी नदी की सफाई के नाम पर करोड़ों का घोटाला किया है। केतन कदम पर 65 करोड़ रुपये का स्कैम करने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मैटप्रॉप, बीएमसी ऑफिसर्स और ठेकेदारों ने मिलकर साजिश रची थी। इन लोगों ने मिलकर करोड़ों के घोटाले की साजिश को अंजाम दिया गया है।
कॉल रिकॉर्ड्स की जांच ने बढ़ाई डिनो मोरिया की मुश्किल
अब इस मामले में एक्टर डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद एक्टर मुसीबत में आ गए हैं क्योंकि केतन कदम के कॉल रिकॉर्ड्स में डिनो मोरिया और सेंटिनो मोरिया के नंबर कई बार देखने को मिले हैं। वहीं, अब ट्रांजैक्शन के सिलसिले में एक्टर से सवाल किए जा रहे हैं। ED की इस पूछताछ के बाद अब कुछ नए खुलासे होने की भी उम्मीद की जा रही है।
क्या है मीठी नदी घोटाला?
ये पूरा विवाद मुंबई नगर निगम द्वारा मीठी नदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाली स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की खरीदारी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ये मशीनें कोच्चि की कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से ऊंचे दामों पर किराए पर ली गई थीं, जिसकी वजह से भारी वित्तीय अनियमितता हुई थी।











Click it and Unblock the Notifications