Dhurandhar 2 BO Collection: रणवीर की फिल्म ने कमाया छप्पर फाड़ पैसा, पहले ही दिन पूरा किया शतक
Dhurandhar 2 BO Collection Day 1: रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 2: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी ओपनिंग दी है, जिसने बॉलीवुड के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। निर्देशक आदित्य धर की इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के नए पैमाने खड़े कर दिए हैं। इसके साथ ही ये आदित्य धर और रणवीर दोनों के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही ₹100 करोड़ से अधिक की कमाई कर इतिहास रच दिया। ऐसा करने वाली यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है। इस जादुई आंकडे़ को छूने में फिल्म के पेड प्रिव्यू का भी बड़ा हाथ रहा है। जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट बना कर रखा।
पेड प्रीव्यू से ही आई सुनामी
फिल्म ने 19 मार्च को रिलीज से पहले 18 मार्च की शाम को पेड प्रीव्यू शोज से ही कमाई का तूफान खड़ा कर दिया। केवल इन प्रीव्यू शोज से फिल्म ने करीब 43 करोड़ रुपये जुटा लिए, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 103 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अगर इसमें पेड प्रीव्यू की कमाई जोड़ दी जाए, तो कुल ओपनिंग कलेक्शन 146 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। यह अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है।
कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
धुरंधर 2 ने शुरुआती कमाई के मामले में कई सुपरहिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें पठान, एनिमल, जवान और स्त्री 2 शामिल हैं। इतना ही नहीं, इसने भारतीय सिनेमा की बड़ी फिल्मों बाहुबली 2 और आरआरआर को भी ओपनिंग के मामले में पीछे छोड़ दिया। अब यह पुष्पा 2 के बाद दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन चुकी है।
अलग-अलग भाषाओं में मिला-जुला रिस्पॉन्स
फिल्म के हिंदी वर्जन ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि तेलुगु और तमिल में भी अच्छी कमाई देखने को मिली। हालांकि, मलयालम और कन्नड़ वर्जन की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, जिसका कारण कुछ क्षेत्रों में प्रीव्यू शोज का न होना बताया जा रहा है।
मल्टीस्टारर कास्ट
इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं।
पहले भाग धुरंधर की जबरदस्त सफलता के बाद, इस सीक्वल से भी बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं। जिस तरह की शुरुआत फिल्म ने की है, उसे देखते हुए यह आने वाले दिनों में और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।












Click it and Unblock the Notifications