सौतेली मां प्रकाश कौर ने ईशा देओल के लिए किया था ऐसा काम, धर्मेंद्र की बायोग्राफी में हुआ खुलासा
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के दोनों परिवारों के बीच संबंधों को लेकर वर्षों से कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में आयोजित एक प्रार्थना सभा में उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी और दोनों बेटियों का वहां न होना, फिर से चर्चा का विषय बन गया। लेकिन लेखक राजीव विजयकर की नई पुस्तक 'धर्मेंद्र: नॉट जस्ट ए ही-मैन' में अलग खुलासा हुआ। जो बताता है कि आखिर दोनों के बीच कैसा रिश्ता चला आ रहा है।

किताब के अनुसार, धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर न केवल अपने चार बच्चों-सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता-की देखभाल में संलग्न थीं, बल्कि वे हेमा मालिनी की दोनों बेटियों के प्रति भी समान स्नेह रखती थीं। विजयकर ने दावा किया कि 2012 में ईशा देओल की शादी से पहले प्रकाश कौर खुद उसके लिए योग्य दूल्हा तलाशने में लगी हुई थीं। लेखक के मुताबिक, धर्मेंद्र ने उन्हें बताया था कि "प्रकाश भी ईशा के लिए एक अच्छे जीवनसाथी की खोज कर रही हैं।"
हालांकि, जब 2012 में ईशा देओल की शादी भरत तख्तानी से हुई, तो परिवार की ओर से सिर्फ धर्मेंद्र ही समारोह में उपस्थित हुए। इस अनुपस्थिति को लेकर उस समय भी काफी चर्चा हुई थी, लेकिन अब किताब में सामने आई बातों से परिवार की भावनात्मक जटिलताओं को नए नजरिए से समझा जा रहा है।
ईशा देओल ने अपनी मां हेमा मालिनी की आत्मकथा 'हेमा मालिनी: बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल' में अपनी पहली मुलाकात का उल्लेख किया। वह अपने कजिन अभय और चाचा अजीत देओल के काफी करीब थीं। एक बार जब अजीत देओल गंभीर रूप से बीमार पड़े, तब ईशा उनसे मिलने गईं और वहीं उनकी भेंट प्रकाश कौर से हुई। ईशा ने लिखा कि उन्होंने प्रकाश कौर के पैर छुए और बदले में उन्हें प्यार व आशीर्वाद मिला। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें चौथी कक्षा में ही पता चल गया था कि उनके पिता की पहली शादी है।
हेमा मालिनी ने भी अपनी जीवनी में पहली पत्नी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा है कि वह प्रकाश कौर की अत्यंत इज़्ज़त करती हैं और उनकी बेटियां भी धर्मेंद्र के पूरे परिवार को सम्मान देती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी निजी जिंदगी के बारे में दुनिया की रूचि समझी जा सकती है, लेकिन कुछ रिश्ते सार्वजनिक चर्चा के दायरे से बाहर रहने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications