Dharmendra Last Film: आखिरी बार अब इस फिल्म में नजर आएंगे धर्मेंद्र, निधन से पहले आया पोस्टर, कब होगी रिलीज?
Dharmendra Last Film: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे फिल्म उद्योग और उनके करोड़ों चाहने वालों को स्तब्ध कर दिया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। कुछ दिन पहले ही सांस लेने में दिक्कत के चलते उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां 12 दिन इलाज चलने के बाद वह घर लौटे थे।
इस बीच एक भावुक कर देने वाली बात यह है कि उनकी आखिरी फिल्म 'इक्कीस' का फर्स्ट लुक पोस्टर उनकी मौत से चंद घंटे पहले ही जारी किया गया था। अब उनके मौत की खबर ने सबको चौंका दिया है।

धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म 'इक्कीस' अगले महीने होगी रिलीज
धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म 'इक्कीस' 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म अभिनेता की विरासत का एक शानदार हिस्सा बनने वाली है। पोस्टर सामने आते ही फैंस की आंखें नम हो गईं क्योंकि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह धर्मेंद्र को बड़े पर्दे पर देखने का आखिरी मौका होगा।
निर्माताओं द्वारा जारी इस पोस्टर में धर्मेंद्र एक भावुक पिता के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह ब्रिगेडियर एम.एल. खेत्रपाल की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने शहीद बेटे सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की बहादुरी को याद करते हैं। यह वही अरुण खेत्रपाल हैं, जिन्हें 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहादत के बाद परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
पोस्टर में धर्मेंद्र की आवाज ने फैंस को रुला दिया
फिल्म से जारी वीडियो में धर्मेंद्र कहते सुनाई देते हैं- "यह मेरा बड़ा बेटा, अरुण, यह हमेशा इसी का ही रहेगा." उनकी भारी आवाज और बेटे के लिए दर्द से भरा संवाद हर किसी का दिल छू गया। फिल्म में अरुण खेत्रपाल का किरदार अगस्त्य नंदा निभा रहे हैं। धर्मेंद्र और अगस्त्य की यह जोड़ी ऑन-स्क्रीन बाप-बेटे के रिश्ते की गहराई को एक नई ऊंचाई पर ले जाती है।
धर्मेंद्र: छह दशकों का चमकदार करियर
धर्मेंद्र ने अपना करियर 1960 में 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दीं। उनकी कुछ अविस्मरणीय फिल्मों में शामिल हैं, शोले, फूल और पत्थर, धरमवीर, चुपके-चुपके, यादों की बारात, चरस, सीता और गीता, मेरा गांव मेरा देश। उन्होंने रोमांस, कॉमेडी और एक्शन-हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। 2012 में उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म 'घायल' को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
धर्मेंद्र का परिवार और निजी जीवन
धर्मेंद्र अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं- पत्नी प्रकाश कौर और हेमा मालिनी और बच्चे सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल, अहाना देओल, अजिता और विजेता।
सोशल मीडिया पर भी वह बेहद सक्रिय रहे। अक्सर खेती, सेहत और जीवन से जुड़ी छोटी-छोटी सीख साझा करते थे। उनकी आखिरी रिलीज 2024 की फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' थी, जिसमें उन्होंने शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ काम किया था।
फैंस के लिए खास तोहफा: अंतिम बार बड़े पर्दे पर धर्मेंद्र
'इक्कीस' धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म है और उनके फैंस के लिए यह किसी भावनात्मक विदाई से कम नहीं होगी। 25 दिसंबर को जब यह फिल्म रिलीज होगी, तब करोड़ों भारतीय इस लेजेंड को अंतिम बार पर्दे पर देखने जुटेंगे। धर्मेंद्र का जाना हिंदी सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी फिल्में, संवाद, अंदाज़ और मुस्कान हमेशा अमर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications