CM देवेंद्र फडणवीस की पत्नी Amruta Fadnavis की 'वेलकम टू द जंगल' में एंट्री, अक्षय कुमार के लिए किया ऐसा काम
CM Devendra Fadnavis Wife Amruta Fadnavis: अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ गई थी और अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना 'दीवाने हैं', रिलीज कर फैंस का उत्साह और भी बढ़ा दिया है। रिलीज होते ही ये गाना सोशल मीडिया पर छा गया है लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी को लेकर हो रही है, जिसने लोगों को सीधे 90 के दशक में पहुंचा दिया है।
'दीवाने हैं' सॉन्ग में दिखा पुराने दौर का जादू
फिल्म का नया ट्रैक 'दीवाने हैं' एक एनर्जेटिक और रंगीन म्यूजिकल नंबर है, जिसमें कई स्टार्स नजर आते हैं। हालांकि तमाम कलाकारों के बीच अक्षय कुमार और रवीना टंडन की मौजूदगी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं। स्क्रीन पर दोनों की शानदार केमिस्ट्री और रोमांटिक अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने गाया गाना
इस गाने को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और संगीतकार-गायक आनंद राज आनंद ने अपनी आवाज दी है। खास बात ये है कि गाने में कश्मीरी लोक संगीत की झलक भी देखने को मिलती है, जो इसे एक अलग पहचान देती है। वहीं दिशा पटानी और जैकलीन फर्नांडिस की मौजूदगी भी गाने को और भव्य बनाती है।
शास्त्रीय संगीत में प्रशिक्षित हैं अमृता फडणवीस
जानकारी के अनुसार सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने 6 साल की उम्र से ही शास्त्रीय संगीत में प्रशिक्षिण हासिल किया है। वह कई सामाजिक कार्यक्रमों में परफॉर्म करती हैं। इसके अलावा वह पहले भी कई फिल्मों में भी प्लेबैक सिंगिग कर चुकी हैं।
अमृता फडणवीस का बॉलीवुड डेब्यू
अमृता फडणवीस ने प्रकाश झा की फिल्म 'जय गंगाजल' में 'सब धन माटी' गाना गाया था। इसी गाने से उन्होंने बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने बीजेपी नेता गोपीनाथ मुंडे के जीवन पर आधारित बायोपिक संघर्ष यात्रा में भी एक गाना गाया है।
अमिताभ बच्चन के साथ पहला म्यूजिक वीडियो
आपको बता दें कि अमृता फडणवीस का पहला म्यूजिक वीडियो 'फिर से' नाम से था जिसमें अमिताभ बच्चन नजर आए थे। इस म्यूजिक वीडियो को टी-सीरीज द्वारा रिलीज किया गया था। जानकारी के अनुसार इस वीडियो को एक ही दिन में 7 लाख से अधिक बार देखा गया था और तीन दिनों में 1.4 मिलियन से ज्यादा व्यूज हो गए थे।
सोशल मीडिया पर छाया गाना, फैंस ने की जमकर तारीफ
-'दीवाने हैं' रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स का कहना है कि लंबे समय बाद बॉलीवुड में ऐसा ओरिजिनल और ताजगी से भरपूर गाना सुनने को मिला है। वहीं कुछ लोगों ने इसे आने वाले दिनों का चार्टबस्टर बताया है।
-कई फैंस ने आनंद राज आनंद की वापसी की भी तारीफ की है। दर्शकों का मानना है कि इस गाने में 90 और 2000 के दशक की वही पुरानी मिठास और संगीत का जादू देखने को मिलता है, जिसकी कमी पिछले कुछ सालों से महसूस की जा रही थी।
अक्षय कुमार-रवीना टंडन की जोड़ी ने बढ़ाई दर्शकों की बेचैनी
गाने का सबसे चर्चित पहलू अक्षय कुमार और रवीना टंडन की स्क्रीन प्रेजेंस बन गई है। दोनों को एक साथ देखकर फैंस को उनके सुनहरे दौर की याद आ गई है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा है कि दोनों की केमिस्ट्री आज भी उतनी ही शानदार लगती है, जितनी सालों पहले हुआ करती थी। उनके रोमांटिक सीन्स और हल्की-फुल्की नोकझोंक ने दर्शकों के बीच पुरानी यादों को ताजा कर दिया है। यही वजह है कि गाने की चर्चा संगीत से ज्यादा अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी को लेकर हो रही है।
रवीना टंडन और अक्षय कुमार का अफेयर
आपको बता दें कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन का नाम 90 के दशक के सबसे चर्चित रिश्तों में गिना जाता है। दोनों फिल्म 'मोहरा' की शूटिंग के दौरान करीब आए थे और उस दौर में उनके रिश्ते की खबरें लगातार सुर्खियों में रहती थीं। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में लंबे समय तक ये चर्चा रही थी कि दोनों ने निजी तौर पर सगाई भी कर ली थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। हालांकि वक्त के साथ दोनों के रास्ते अलग हो गए और उनका रिश्ता खत्म हो गया। बावजूद इसके, आज भी जब दोनों किसी प्रोजेक्ट में साथ नजर आते हैं तो फैंस पुरानी यादों में खो जाते हैं।
सितारों से सजी है 'वेलकम टू द जंगल'
'वेलकम टू द जंगल' सिर्फ अक्षय कुमार की वजह से ही नहीं बल्कि अपनी विशाल स्टारकास्ट के कारण भी चर्चा में है। फिल्म में रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और कई अन्य फेमस कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं और मेकर्स भी इसे साल की सबसे बड़ी एंटरटेनर फिल्मों में से एक मान रहे हैं।
26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' पॉपुलर 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। फिल्म में अक्षय कुमार एक बार फिर अपने कॉमिक अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। साजिद नाडियाडवाला और स्टार स्टूडियोज के बैनर तले बनी ये फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का ट्रेलर और नया गाना देखने के बाद ये साफ है कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications