CID के 'फ्रेड्रिक्स' दिनेश फडनीस की हुई मौत, 57 की उम्र में हुई थी ये गंभीर बीमारी, जानें क्या हुआ था उनके साथ
Dinesh Phadnis Passed Away: टीवी के पॉपुलर शो 'सीआईडी' में इंस्पेक्टर फ्रेड्रिक्स का रोल निभाने वाले एक्टर दिनेश फडनीस को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि दिनेश फडनीस की मौत हो गई है। कुछ दिनों पहले ही उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। ऐसे में उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनके दोस्त दयानंद शेट्टी ने बताया कि दिनेश फडनीस की मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से आज यानी 5 दिसंबर 2023 को मौत हो गई है। 57 साल की उम्र में दिनेश फडनीस के इस दुनिया को अचानक अलविदा कह देने से टीवी इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री तक में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीआईडी के दिनेश फडनीस की मौत
आपको बता दें कि जबसे दिनेश फडनीस की खराब हेल्थ के बारे में लोगों को पता चला था तब से उनके फैंस से लेकर सेलेब्स दोस्त तक काफी परेशान नजर आ रहे थे। पहले खबर आई थी कि उन्हें हार्ट अटैक आया था जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उसके बाद 'सीआईडी' में उनके को-एक्टर रह चुके दयानंद शेट्टी (दया) ने बताया था कि दिनेश को हार्ट अटैक नहीं आया था बल्कि उनका लीवर डैमेज हो गया था।

दो दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे दिनेश
दया ने बताया- दिनेश फडनीस का मुंबई के मलाड इलाके के तुंगा अस्पताल में इलाज चल रहा था था। पिछले दो दिनों से उनकी हालत बहुत नाजुक थी। डॉक्टरों ने कहा था कि उसमें कोई बड़ा सुधार नहीं हो रहा है। हालांकि हम सभी उम्मीद कर रहे थे कि वह जल्द ही बेहतर हो जाएंगे। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे लेकिन फिर मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से उनकी मौत हो गई।
दया ने कहा- दवाओं का हो गया था साइड इफेक्ट
दयानंद शेट्टी ने बताया- दिनेश बहुत दिनों से किसी दूसरी बीमारी का इलाज करा रहे थे, लेकिन उसकी दवा ने उनके लीवर पर गलत असर कर दिया था। यही कारण है कि हमेशा दवाओं को बहुत सावधानी से लेने की सलाह दी जाती है। आप कभी नहीं जानते कि जो दवा किसी चीज के इलाज के लिए ले रहे हैं वह किसी दूसरी बड़ी बीमारी की वजह बन सकती है। एलोपैथिक दवाओं के मामले में बहुत सावधान रहने की जरूरत होती है। इसी साइड इफेक्ट के चलते मैंने अपना दोस्त खो दिया।
टीवी शोज और फिल्मों में काम कर चुके हैं दिनेश
आपको बता दें कि 57 वर्षीय दिनेश ने 20 सालों तक 'सीआईडी' में इंस्पेक्टर फ्रेडरिक्स का किरदार निभाया था। साल 1998 से टीवी पर शुरू होने वाला ये शो भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले टेलीविजन शोज में से एक है। 'सीआईडी' के अलावा दिनेश फडनीस मशहूर टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी कैमियो रोल में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने आमिर खान की फिल्म 'सरफरोश' और ऋतिक रोशन की मूवी 'सुपर 30' में भी काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications