मनहूस बन गया अक्टूबर 2025, एक महीने में 8 सेलेब्स की हुई मौत, एक तरफ त्योहार तो दूसरी तरफ हुआ मातम
Celebrities Died In October 2025: साल 2025 का अक्टूबर महीना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ है। महीने के आखिरी दिनों तक आते-आते इंडस्ट्री से एक के बाद एक कई सितारों के निधन की खबरें सामने आई हैं।
इंडस्ट्री के लिए दर्द भरा महीना रहा अक्टूबर
किसी ने बीमारी से तो किसी ने हादसे या खुदकुशी के चलते इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। एक महीने में 8 नामचीन हस्तियों के चले जाने से इंडस्ट्री में मातम का माहौल है।

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को मिला गहरा सदमा
हर सप्ताह किसी न किसी स्टार के निधन की खबर ने फैंस को झकझोर दिया है। मनोरंजन जगत के लोग सोशल मीडिया पर लगातार इन सभी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और यही कामना कर रहे हैं कि आने वाले दिन थोड़ी शांति लेकर आएं। आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में जिन्होंने इसी महीने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को गहरा सदमा दिया है।
अक्टूबर 2025 में इन 8 सितारों की हुई मौत
1. सचिन चांदवाड़े
-25 साल की उम्र में मराठी और हिंदी वेब सीरीज एक्टर सचिन चांदवाड़े ने खुदकुशी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गत 23 अक्टूबर 2025 को सचिन अपने घर में फंदे से लटके मिले थे।
-परिजनों ने सचिन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन 24 अक्टूबर 2025 की रात 1:30 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2. सतीश शाह
-फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर सतीश शाह का गत 25 अक्टूबर 2025 को किडनी फेलियर के चलते निधन हो गया है। 74 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था।
-गत 26 अक्टूबर 2025 को सतीश शाह के अंतिम संस्कार में कई बड़ी हस्तियों ने शामिल होकर उन्हें नम आंखों से विदाई दी। सतीश शाह ने चार दशकों में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और 'साराभाई वर्सेस साराभाई' से टीवी पर भी खास पहचान बनाई।
3. असरानी
-20 अक्टूबर 2025 को दिग्गज कॉमेडियन और एक्टर असरानी के निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया था। दिवाली की शुभकामनाएं देने के कुछ ही घंटे बाद वह दुनिया छोड़ गए।
-84 साल की उम्र में असरानी का निधन फेफड़ों में पानी भरने के कारण हुआ। उन्होंने शोले, खट्टा मीठा और ढोल जैसी फिल्मों से लोगों को खूब हंसाया और उनका मनोरंजन किया था।
4. पंकज धीर
-टीवी के मशहूर पौराणिक धारावाहिक महाभारत में कर्ण की भूमिका निभाने वाले दिग्गज एक्टर पंकज धीर का निधन गत 15 अक्टूबर 2025 को हुआ था। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।
-68 वर्ष की उम्र में पंकज धीर ने आखिरी सांस ली। टीवी और फिल्मों दोनों में सक्रिय रहे पंकज धीर ने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
5. पीयूष पांडे
-भारत के मशहूर विज्ञापन विशेषज्ञ (एड गुरु) पीयूष पांडे का गत 24 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया है। 70 वर्षीय पीयूष पांडे के निधन की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
-वह कुछ मीठा हो जाए और अब की बार मोदी सरकार जैसे फेमस विज्ञापन अभियानों के लिए जाने जाते थे। उनकी मौत पर अमिताभ बच्चन समेत कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया था।
6. ऋषभ टंडन
फेमस सिंगर ऋषभ टंडन की मौत गत 22 अक्टूबर 2025 को हार्ट अटैक से हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए मुंबई से दिल्ली आए थे, वहीं उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। सिंगर की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट लिखकर अपने पति को श्रद्धांजलि दी थी।
7. राजवीर जवंदा
-गत 8 अक्टूबर 2025 को 35 वर्षीय पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह हिमाचल प्रदेश की ओर अपनी बाइक से जा रहे थे, जब सोलन जिले के बद्दी के पास उनका भयावह एक्सीडेंट हुआ था।
-कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद राजवीर जवंदा ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिंगर के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं जिस वजह से उनकी बॉडी ने काम करना बंद कर दिया था।
8. वरिंदर सिंह
पंजाब के मशहूर वेजिटेरियन बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह का निधन गत 9 अक्टूबर 2025 को हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था। सोशल मीडिया पर एक्टिव वरिंदर सिंह सुपरस्टार सलमान खान के साथ कई फिल्मों में नजर आ चुके थे और फिटनेस इंडस्ट्री में उन्होंने अलग पहचान बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications