Pahalgam terrorist Attack: पहलगाम आतंकी हमले से बॉलीवुड में रोष, संजय दत्त बोले- 'ये माफी लायक नहीं'
Celeb Reaction On Pahalgam terrorist Attack: मंगलवार 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों को आतंकवादियों ने निशाना बनाया और अंधाधुंध फायरिंग की। जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। इसमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। रिपोर्ट्स की माने तो ये घटना मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे, पहलगाम की बैसारन घाटी में हुई।
इस घटना के बाद से पूरे देश में रोष है। हर कोई इस हमले के बदले की मांग कर रहा है। सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी इस दुखद घटना पर रिएक्ट किया है।

अक्षय कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए X (पहले ट्वीटर) पर लिखा, पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। इस तरह से निर्दोष लोगों की हत्या करना सरासर पाप है। उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं।
टीवी एक्ट्रेस देवलीना भट्टाचार्जी ने गुस्से में लिखा, कश्मीर फाइल को प्रोपगैंडा मूवी बोलने वाले कहां हैं? या ये भी AI वीडियो है।
अजय देवगन ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। पीड़ित और उनके परिवार निर्दोष थे। जो कुछ हुआ वह दिल दहला देने वाला और पूरी तरह से दुष्टतापूर्ण है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा, कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। सभ्य दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए और यह कायरतापूर्ण कृत्य अस्वीकार्य है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ और जो घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
संजय दत्त ने गुस्से में लिखा, उन्होंने हमारे लोगों को बेरहमी से मारा। इसे माफ नहीं किया जा सकता, इन आतंकवादियों को पता होना चाहिए कि हम चुप नहीं बैठेंगे। हमें जवाबी कार्रवाई करनी होगी, मैं हमारे प्रधानमंत्री जी, गृह मंत्री जी और रक्षा मंत्री जी से अनुरोध करता हूं कि उन्हें वह सजा दी जाए जिसके वे हकदार हैं।
बता दें, हमले की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं। वहां उन्होंने हाई लेवल मीटिंग कर घटना की जानकारी ली। रिपोर्ट्स की माने तो प्रधानमंत्री भी अपना सऊदी दौरा छोड़ भारत पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications