नवंबर में होगा फिल्मी धमाका, एक्शन, रोमांस, हॉरर और कॉमेडी जॉनर की 17 फिल्में होंगी रिलीज
November 2025 Upcoming Hindi Films: सिनेप्रेमियों के लिए नवंबर का महीना बेहद खास साबित होने वाला है। इस महीने हिंदी के साथ अन्य भाषाओं में कुल 17 नई फिल्में रिलीज होंगी। इनमें एक्शन, रोमांस, हॉरर, कॉमेडी और बायोपिक जैसी सभी शैलियों की फिल्मों का संगम देखने को मिलेगा। फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा '120 बहादुर' इस सूची का मुख्य आकर्षण है, जो महीने के अंत में रिलीज होगी।

6 और 7 नवंबर: लगातार रिलीज़ का सिलसिला
नवंबर की शुरुआत 6 नवंबर को मलयालम फिल्म 'वृषभ' से होगी, जिसे हिंदी में भी रिलीज किया जा रहा है। नंदा किशोर द्वारा निर्देशित यह एक फैंटेसी एक्शन ड्रामा है। इसके तुरंत बाद 7 नवंबर को कई बड़ी फिल्मों की एक साथ रिलीज़ होगी।
इस दिन सोनाक्षी सिन्हा और शिल्पा शिरोडकर की हॉरर थ्रिलर 'जटाधारा' दो भाषाओं-हिंदी और तेलुगू-में दर्शकों के सामने आएगी। रणवीर शौरी की 'जस्सी वेड्स जस्सी' रोमांटिक कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का लगाएगी।
इसके अलावा, श्रीराम राघवन की बायोपिक ड्रामा 'इक्कीस' भी 7 नवंबर को रिलीज होगी, जिसमें अगस्त्य नंदा, धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत की दमदार अदाकारी देखने को मिलेगी। इसी दिन हॉलीवुड की साइंस फिक्शन फिल्म 'प्रीडेटर बैडलैंड्स' भी भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगू और अंग्रेजी में रिलीज होगी।
तेलुगु स्टार रश्मिका मंदाना की रोमांटिक ड्रामा 'द गर्लफ्रेंड' भी इसी दिन मल्टी-लिंगुअल रिलीज के रूप में सिनेमाघरों में पहुंचेगी। यामी गौतम की सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म 'हक' भी 7 नवंबर को अपनी कहानी से दर्शकों को भावनात्मक सफर पर ले जाएगी।
14 नवंबर: सामाजिक मुद्दे और रोमांस का संगम
महीने के दूसरे सप्ताह में, 14 नवंबर को देवेंद्र मालवीय की '2020 दिल्ली' रिलीज होगी, जो CAA प्रोटेस्ट के दौरान हुई घटनाओं पर केंद्रित है। उसी दिन अजय देवगन और रकुलप्रीत सिंह की रोमांटिक कॉमेडी 'दे दे प्यार दे 2' दर्शकों को हंसाने और रोमांचित करने आएगी। साथ ही, अरबाज खान की हॉरर थ्रिलर 'काल त्रिघोरी' भी उसी दिन डर और सस्पेंस का तड़का लगाएगी।
21 नवंबर: एक्शन, हॉरर और इमोशन का तिहरा डोज़
तीसरे हफ्ते में 21 नवंबर को बड़े पैमाने पर रिलीज़ होने वाली फिल्मों की लाइनअप है। फरहान अख्तर की ऐतिहासिक वॉर ड्रामा '120 बहादुर' इस सप्ताह का सबसे बड़ा आकर्षण है। इसके अलावा हॉलीवुड की एक्शन फिल्म 'सिसु: रोड टू रिवेंज' भारत में हिंदी, तमिल और तेलुगू में आएगी।
रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी की 'मस्ती 4' दर्शकों को खूब हंसाएगी, जबकि विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड थ्री डी: घोस्ट ऑफ द पास्ट' डर का अनुभव करवाएगी। इसी दिन नसीरुद्दीन शाह की रोमांटिक ड्रामा 'गुस्ताख इश्क' भी रिलीज होगी।
28 नवंबर: रोमांस और एनिमेशन का समापन सप्ताह
महीने के आखिरी हफ्ते में 28 नवंबर को कृति सेनन और धनुष की रोमांटिक ड्रामा 'तेरे इश्क में' रिलीज होगी। इसी दिन डिज्नी की एनिमेटेड फिल्म 'जूटोपिया 2' भी बच्चों और परिवारों के लिए बड़े पर्दे पर जादू बिखेरेगी।












Click it and Unblock the Notifications