Bihar Election: भोजपुरी इंडस्ट्री में धार्मिक जंग! चुनाव से पहले खेसारी लाल यादव पर भड़के अयोध्या के संत
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) से पहले जहां राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, वहीं भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री भी सियासी सुर्खियों में आ गई है। हाल ही में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का एक वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जिसके बाद अयोध्या के संतों ने खुलकर विरोध जताया है। मामला इतना तूल पकड़ चुका है कि अब संतों ने उन पर एनएसए (NSA) के तहत कार्रवाई की मांग कर दी है।

खेसारी लाल यादव के स्टेज शो से उठा विवाद
विवाद की शुरुआत खेसारी लाल के एक स्टेज शो के वीडियो से हुई। वीडियो में वह एक महिला फैन के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह दो लड़कियों से पूछते हैं कि बड़ी कौन है, और अंत में कहते हैं "जहां चाहता हूं, वहीं पकड़ लेता हूं।" इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उन पर अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगाया है।
राम मंदिर पर दिए बयान से भड़के संत
इसके अलावा, खेसारी लाल यादव का एक राजनीतिक बयान भी सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि राम मंदिर के बदले अगर अस्पताल बनता तो सब लोग इलाज कराते। बस, यही बयान विवाद का कारण बन गया। अयोध्या के संतों और साधुओं ने इसे "राम भक्तों का अपमान" बताया है।
सरयू नित्य आरती स्थल के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, खेसारी लाल यादव ने सनातन धर्म में जन्म लिया और भगवान के भजन गाए। लेकिन जैसे ही वो लालू प्रसाद यादव की पार्टी में शामिल हुए, उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई। जो अपने धर्म और भगवान का नहीं हुआ, वो जनता का क्या होगा। उन्होंने आगे कहा कि खेसारी लाल अब राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का मजाक उड़ा रहे हैं, और जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।
संत सीताराम दास ने क्या कहा?
अयोध्या के संत सीताराम दास ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताया और कहा खेसारी लाल पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत केस होना चाहिए। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले की अवहेलना की है। अगर 80% हिंदुओं की आस्था का मजाक उड़ाओगे, तो जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी ही विचारधारा रही, तो हिंदू समाज उनका बहिष्कार करेगा, और कोई उनके गाने या फिल्में नहीं देखेगा।
रवि किशन भी मैदान में उतरे
भोजपुरी इंडस्ट्री के एक और बड़े नाम और बीजेपी सांसद रवि किशन ने भी खेसारी लाल पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा , सनातन का विरोध करने वालों का अंत निश्चित है। महाभारत में भी अधर्म करने वालों का विनाश हुआ था। खेसारी लाल यादव ने हिंदुत्व का नाम लेकर इंडस्ट्री में नाम कमाया, और अब उसी को बदनाम कर रहे हैं।
बिहार चुनाव और सियासी असर
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच यह विवाद राजनीतिक रंग ले चुका है। खेसारी लाल यादव इस बार राजद (RJD) के टिकट पर छपरा सीट से चुनाव मैदान में हैं। उनके विरोधियों का कहना है कि यह बयान और व्यवहार उनके चरित्र और विचारधारा को दर्शाता है। वहीं, समर्थक इसे "राजनीतिक साजिश" बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications