Bigg Boss Kannada 12 का घर किया गया सील, सारे कंटेस्टेंट्स को निकाला बाहर, क्या है मामला?
Bigg Boss Kannada 12: कर्नाटक के मशहूर रिएलिटी शो 'बिग बॉस कन्नड़ 12' के दर्शकों के लिए एक बड़ी निराशाजनक खबर सामने आई है। कर्नाटक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (KSPCB) ने शो की शूटिंग रोकने और स्टूडियो को तुरंत बंद करने का आदेश जारी किया है।
क्यों लगा 'बिग बॉस कन्नड़ 12' के स्टूडियो पर ताला?
बताया जा रहा है कि ये कदम पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के कारण उठाया गया है। जानकारी के अनुसार इस शो की शूटिंग रामनगर जिले के बिदादी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित M/s वेल्स स्टूडियोज एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड में हो रही थी, जिसे आमतौर पर जॉली वुड स्टूडियोज एंड एडवेंचर्स के नाम से जाना जाता है।

शो के सेट पर फैलाया जा रहा था कचरा
-इस शो के साउथ के फेमस एक्टर किच्चा सुदीप होस्ट कर रहे थे। वहीं KSPCB ने इस स्टूडियो पर जल (प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 33(ए) के तहत कार्रवाई की है। बोर्ड का कहना है कि स्टूडियो ने कई पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन किया है, जिनमें मुख्य रूप से,बिना वैध अनुमति के संचालन करना, बिना उपचार किए अपशिष्ट जल का निपटान करना और कचरा प्रबंधन में गंभीर लापरवाही शामिल हैं।
-बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, स्टूडियो को कई बार निरीक्षण और चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सुधार नहीं किया। प्रदूषण फैलाने की गतिविधियाँ जारी रहीं, जिसके बाद बोर्ड ने इसे बंद करने का अंतिम निर्णय लिया। अधिकारियों का कहना है कि ये कार्रवाई पर्यावरण की सुरक्षा और कानूनी नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए बेहद आवश्यक थी।
'बिग बॉस कन्नड़ 12' की शूटिंग पर पड़ा असर
'बिग बॉस कन्नड़ 12' की शूटिंग इसी स्टूडियो में चल रही थी, इसलिए अब शो के प्रोडक्शन पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। बोर्ड ने आदेश दिया है कि इस स्टूडियो को तत्काल बंद किया जाए, रामनगर के डिप्टी कमिश्नर परिसर को सील करें और बेसकॉम बिजली की आपूर्ति तुरंत बंद कर दी जाए।
पर्यावरणीय मानकों का पालन न करने की मिली सजा
फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि शो की शूटिंग दोबारा कब शुरू होगी या इसे किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि, KSPCB के अधिकारी का कहना है कि ये कदम केवल उन स्टूडियोज के खिलाफ है जो पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं करते। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का प्रदूषण न फैल सके।












Click it and Unblock the Notifications