'मुझे खूब पीटा, हाथ काटा, खून से मांग भरने लगा', कनिका मान के Ex-BF ने किया हिंसक बर्ताव, सुनाई खौफनाक कहानी
Bigg Boss 20: सलमान खान के रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' में हर गुजरते दिन के साथ घरवालों के रिश्ते बदलते नजर आ रहे हैं। कभी दोस्ती की मिसाल पेश करने वाले कंटेस्टेंट्स अब एक-दूसरे से नाराज दिखाई दे रहे हैं। शो के नए एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। एक तरफ यंग अपने दोस्तों से मिले धोखे और अकेलेपन के एहसास से परेशान नजर आए तो दूसरी तरफ घर में आम्रपाली दुबे और आसिफ खान के बीच बहस छिड़ गई। इसके अलावा स्काउट और अरिश्फा खान के बीच भी जमकर विवाद हुआ। आइए जानते हैं आज के एपिसोड में क्या-क्या हुआ।
दोस्तों से नाराज हुए यंग, बोले- किसी ने मेरा साथ नहीं दिया
एपिसोड की शुरुआत स्काउट और लव गिल की बातचीत से होती है। दोनों आपस में बैठे चर्चा कर रहे होते हैं, तभी आम्रपाली दुबे भी वहां पहुंच जाती हैं। वह स्काउट और लव को सलाह देती हैं कि आपसी गलतफहमियों को बढ़ाने के बजाय बैठकर बात करनी चाहिए ताकि रिश्तों में कड़वाहट न आए।

यंग कंटेस्टेंट माही के सामने अपना दर्द जाहिर करते हैं
-इस दौरान लव और आम्रपाली स्काउट को यंग के साथ अपने रिश्ते को लेकर समझाने की कोशिश करती हैं। दोनों यंग से भी बात करती हैं। बाद में स्काउट और यंग आमने-सामने बैठकर बातचीत करते हैं लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच चल रही उलझन पूरी तरह खत्म नहीं हो पाती।
-दूसरी तरफ यंग काफी भावुक दिखाई देते हैं। वह मनीष से अपनी मां की इच्छा के बारे में बात करते हुए बताते हैं कि उनकी मां चाहती हैं कि बिग बॉस की ट्रॉफी उनके घर आए। यंग कंटेस्टेंट माही के सामने भी अपना दर्द जाहिर करते हैं। करीब 25 दिन घर में बिताने के बाद उन्हें ऐसा महसूस होने लगा है कि मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा होने वाला कोई नहीं है।
-रात में वह आम्रपाली दुबे से भी अपने मन की बातें शेयर करते हैं। इस दौरान स्काउट के साथ अपने रिश्ते को लेकर उनकी नाराजगी साफ नजर आती है। यंग को इस बात का दुख है कि जिन लोगों को वह अपना दोस्त समझते थे, उन्होंने जरूरत के समय उनका साथ नहीं दिया।
आम्रपाली दुबे और आसिफ खान में करियर को लेकर बहस
-घर में सुबह की शुरुआत भी विवाद के साथ होती है। इस बार आम्रपाली दुबे और आसिफ खान आमने-सामने आ जाते हैं। दरअसल आम्रपाली दुबे मजाकिया अंदाज में आसिफ से कहती हैं कि क्या वह खुद को अच्छा एक्टर मानते हैं? उनकी ये बात आसिफ को पसंद नहीं आती और वह नाराज हो जाते हैं।
-आसिफ खान एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे को साफ तौर पर कहते हैं कि उन्हें उनके करियर को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। दोनों के बीच कुछ देर तक तनातनी बनी रहती है। हालांकि बातचीत आगे बढ़ाने के बजाय दोनों एक-दूसरे से नाराज होकर वहां से चले जाते हैं। इस छोटी-सी टिप्पणी ने घर में एक नया विवाद खड़ा कर दिया।
माही विज ने आम्रपाली और लव पर लगाए गंभीर आरोप
-बिग बॉस के घर में एक तरफ सामने से लड़ाइयां हो रही हैं, तो दूसरी तरफ पीठ पीछे भी खूब चर्चाएं चल रही हैं। माही विज काजी से बातचीत के दौरान आम्रपाली दुबे और लव गिल को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती हैं।
-माही विज का आरोप है कि आम्रपाली और लव मिलकर घर के दूसरे सदस्यों का मजाक उड़ाती हैं और उन्हें उकसाने की कोशिश करती हैं। बातचीत के दौरान वह दोनों के व्यवहार पर तीखी टिप्पणी भी करती हैं। माही की बात सुनकर काजी उन्हें समझाते हैं कि इस तरह की टिप्पणी कुछ ज्यादा हो गई हैलेकिन माही अपनी बात पर कायम रहती हैं।
-इसी बीच आम्रपाली दुबे भोजपुरी गाना गाकर माहौल को हल्का करने की कोशिश करती हैं। उनके गाने पर लव गिल डांस करने लगती हैं और ये सब यंग को भी दिखाती हैं। घर में चल रही इन छोटी-बड़ी गतिविधियों के बीच कंटेस्टेंट्स के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिखाई देता है।
सलमान खान के सामने रख सकेंगे घरवाले अपने सवाल
-एपिसोड में आम्रपाली दुबे घर के सदस्यों को एक खास चिट्ठी पढ़कर सुनाती हैं। इस लेटर के जरिए बताया जाता है कि सभी कंटेस्टेंट्स को अपने मन में उठ रहे सवाल लिखकर देने होंगे। इन सवालों का जवाब सलमान खान आने वाले 'वीकेंड का वार' में देंगे।
-खास बात ये है कि सवाल पूछने वाले कंटेस्टेंट्स की पहचान गुप्त रखी जाएगी। ऐसे में घरवालों को उम्मीद है कि उन्हें अपने मन में चल रहे सवालों के जवाब मिल सकेंगे। अब देखना होगा कि वीकेंड का वार में सलमान किन मुद्दों पर घरवालों की क्लास लगाते हैं।
स्काउट और अरिश्फा के बीच फिर छिड़ी जंग
-घर में स्काउट और अरिश्फा खान के बीच विवाद एक बार फिर बढ़ता नजर आया। दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है और लव गिल भी इस दौरान स्काउट का पक्ष लेती दिखाई देती हैं।
-वहीं गुल्लू दूर बैठकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहते हैं। बहस के दौरान उदिति स्काउट की गर्लफ्रेंड को लेकर टिप्पणी कर देती हैं। उनकी इस बात से स्काउट भड़क जाते हैं और गुस्से में जोर-जोर से बोलने लगते हैं। देखते ही देखते घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो जाता है। इस विवाद ने एक बार फिर साफ कर दिया कि स्काउट और अरिश्फा के बीच की नाराजगी अभी खत्म नहीं हुई है।
कनिका मान ने सुनाई हिंसक बॉयफ्रेंड की दर्दनाक कहानी
-एपिसोड का एक भावुक कर देने वाला हिस्सा तब देखने को मिला, जब कनिका मान ने अपने कॉलेज के दिनों से जुड़ा एक पुराना अनुभव घरवालों के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी जिंदगी में एक ऐसा शख्स था, जिसका बर्ताव बेहद हिंसक था।
-कनिका मान के मुताबिक उनका एक्स बॉयफ्रेंड उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान करता था। उन्होंने खुलासा किया कि एक बार उसने उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ तक मार दिए थे। कनिका ने ये भी बताया कि वह व्यक्ति उनके हाथ पर कट लगाने और सिंदूर भरने जैसी हरकत करने की कोशिश कर रहा था।
-एक्ट्रेस ने कहा कि वह शख्स सड़क पर भी तमाशा खड़ा कर देता था। उसके इस बर्ताव के कारण उनकी जिंदगी का एक दौर बेहद मुश्किल और तकलीफदेह बन गया था। कनिका की ये आपबीती सुनकर घर के दूसरे सदस्य भी हैरान रह गए।
-बिग बॉस 20 का ये एपिसोड दोस्ती में आई दरार, आपसी टकराव और कंटेस्टेंट्स के निजी अनुभवों से भरा रहा। अब दर्शकों की नजरें आने वाले वीकेंड का वार पर टिकी हैं, जहां सलमान खान घरवालों के सवालों का जवाब देने के साथ-साथ इन विवादों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
