फिर 'कलर्स' के हिट शो की अदाकारा बनी 'Bigg Boss ' की विनर तो भड़के लोग, जानिए कब-कब मचा बवाल?
नई दिल्ली, 31 जनवरी। 'बिग बॉस 15' की ट्रॉफी तेजस्वी प्रकाश को मिल चुकी है। इस जीत से जहां तेजस्वी के फैंस काफी खुश हैं, वहीं दूसरी ओर ट्विटर पर कुछ लोगों ने तेजस्वी की जीत पर नाराजगी जाहिर की है और कहा है कि कलर्स जानबूझकर ऐसा करता है , वो हर बार अपने शो के हिट किरदारों को निभाने वाले कलाकारों को जीता देता है, यह गलत है। तो कुछ यूजर्स ने लिखा है कि 'तेजस्वी को इसलिए विनर बनाया गया क्योंकि वो कलर्स की बहू है, पहले राजनीति करके उमर को निकाला गया और अब प्रतीक सहजपाल को जानबूझकर हरा दिया गया है।'

कलर्स के हिट शो स्वरागिनी में काम किया
मालूम हो कि तेजस्वी प्रकाश ने कलर्स के हिट शो 'स्वरागिनी' में काम किया है। लोग उन्हें इसी शो की वजह से पहचानते हैं इसलिए इस बार वो जब बिग बॉस की विजेता बनीं तो वो सवालों के घेरे में आ गई हैं।

ट्रेंड हुआ 'Boycott'
गौरतलब है कि जैसे ही रविवार रात बिग बॉस 15 के विजेता का ऐलान हुआ वैसे ही लोग तेजस्वी और कलर्स के खिलाफ बयानबाजी करने लगे। कुछ लोग तो सलमान खान पर भी उंगली उठा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा 'पूरी तरह से फिक्स्ड शो, तो किसी ने लिखा कि दोस्तों क्यों ना अगले साल के लिए अभी से ट्रेंड कर दें #boycottbiggbos।

कलर्स पर पक्षपात का आरोप
आपको बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है, जब इस तरह से लोगों ने कलर्स पर पक्षपात का आरोप लगाया है। इससे पहले भी कई बार उस पर इस तरह के आरोप लगे हैं, दरअसल बिग बॉस को जीतने वाले काफी लोग कलर्स के ही किसी ना किसी हिट शो के हिस्सा रहे हैं, इसलिए उन पर लोग उंगली उठाते हैं।

दीपिका कक्कड़ की जीत पर भी मचा था बवाल
मालूम हो कि जब Bigg Boss Season 12 का सीजन दीपिका कक्कड़ ने जीता था तो भी लोगों ने इसी तरह का हंगामा मचाया था क्योंकि दीपिका को लोग कलर्स की लोकप्रिय बहू के ही रूप में इस शो से पहले पहचानते थे। दीपिका ने कलर्स के हिट शो 'ससुराल सिमर का' में काम किया था।

सिद्धार्थ शुक्ला की जीत पर भी हुआ था हंगामा
इसके बाद बिग बॉस सीजन 13 के विजेता जब सिद्धार्थ शुक्ला बने तो भी लोगों ने इसी तरह का हंगामा मचाया था क्योंकि सिद्धार्थ ने कलर्स के सुपरहिट हिट शो 'बालिका वधू' के हीरो शिव का रोल निभाया था। वो किरदार बहुत लोकप्रिय था।

रूबीना दिलैक भी बनी थीं निशाना
और यही बात 'बिग बॉस सीजन 14' का रिजल्ट घोषित होने के सामने भी आई थी क्योंकि उस सीजन की विजेता रूबीना दिलैक थीं, जो कि कलर्स कि सुपरहिट शो ' शक्ति' की हिट बहू थीं।

दृष्टि धामी की जीत पर भड़के थे लोग
केवल बिग बॉस ही नहीं बल्कि कलर्स के अन्य रियलिटी शो जैसे 'झलक दिखला जा' पर भी फिक्सड होने का आरोप लग चुका है। जब इस डांस शो की विजेता दृष्टि धामी बनी थीं, तो भी लोगों ने सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मचाया था क्योंकि दृष्टि धामी कलर्स के लोकप्रिय शो मधुबाला में लीड रोल प्ले कर चुकी थीं।












Click it and Unblock the Notifications