Bhooth Bangla BO Collection Day 3: बॉक्स ऑफिस पर छाई 'भूत बंगला', तीसरे दिन कर ली इतनी कमाई
Bhooth Bangla Box Office Collection Day 3: बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर प्रियदर्शन (Priyadarshan) और एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और डराने में कामयाब होती नजर आ रही है। फैंटेसी-हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' ने रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में अच्छी पकड़ बना ली है। भले ही फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला हो लेकिन इसकी कमाई के आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं।
'भूत बंगला' बॉक्स ऑफिस पर छाई, तीसरे दिन कमाई ने मचाया धमाल
फिल्म 'भूत बंगला' ने रिलीज से एक दिन पहले हुए पेड प्रीव्यू से ही 3.75 करोड़ रुपये बटोरकर अपनी मजबूत शुरुआत का संकेत दे दिया था। इसके बाद ओपनिंग डे पर 12.25 करोड़ की कमाई ने उम्मीदें बढ़ा दीं। दूसरे दिन यानी 18 अप्रैल 2026 (शनिवार) को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया था और ये 19 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर आया जबरदस्त उछाल
अब तीसरे दिन यानी 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को फिल्म ने अपनी रफ्तार और तेज करते हुए करीब 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। इस तरह पेड प्रीव्यू समेत फिल्म की तीन दिनों की कुल कमाई लगभग 58 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जो इसे साल की बड़ी फिल्मों की रेस में आगे खड़ा करती है।
अक्षय कुमार के करियर के लिए बनी टर्निंग प्वाइंट?
पिछले कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर उतार-चढ़ाव देख रहे अक्षय कुमार के लिए 'भूत बंगला' राहत की खबर लेकर आई है। फिल्म को मिल रहा पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ और वीकेंड पर आई तेजी ये इशारा कर रही है कि ये फिल्म उनके करियर को दोबारा पटरी पर ला सकती है।
2026 की टॉप फिल्मों में बनाई मजबूत जगह
सिर्फ तीन दिनों के भीतर ही 'भूत बंगला' ने 2026 की टॉप कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। इस दौरान इसने कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है जिसमें रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' भी शामिल है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार ये फिल्म तेजी से टॉप 3 की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।
पुरानी हिट जोड़ी का जादू फिर चला
निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी पहले भी कई सुपरहिट फिल्में दे चुकी है। 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया', 'दे दना दन' और 'खट्टा मीठा' जैसी फिल्मों के बाद दोनों का ये रीयूनियन दर्शकों के लिए खास बन गया है। यही वजह है कि दर्शकों में इस फिल्म को लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्टारकास्ट और प्रोडक्शन की दमदार टीम
-'भूत बंगला' में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, राजपाल यादव और जिशु सेनगुप्ता जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म को केप ऑफ गुड फिल्म्स और बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है। इसके निर्माता अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर हैं।
-कुल मिलाकर 'भूत बंगला' ने अपने पहले ही वीकेंड में ये साबित कर दिया है कि कंटेंट और मनोरंजन का सही मिश्रण दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकता है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले दिनों में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।












Click it and Unblock the Notifications