बादशाह का 'टटीरी' गाना यूट्यूब से हटा, रैपर की कानूनी मुश्किलें बढ़ीं, जल्द होगी गिरफ्तारी?
मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों अपने नए म्यूजिक वीडियो Tattiri को लेकर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। उनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। खबरों के अनुसार, उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है और पंचकूला पुलिस ने उन्हें तुरंत पेश होने का नोटिस भेजा है। पुलिस इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की तैयारी भी कर रही है।

एफआईआर दर्ज, कई धाराएं लगाई गईं
पंचकूला पुलिस ने 06 मार्च 2026 को साइबर थाना सेक्टर-20 में इस मामले में एफआईआर नंबर 28 दर्ज की है।
इस एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।एलओसी जारी करने का उद्देश्य यह है कि बादशाह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
वीडियो के कंटेंट पर आपत्ति
पुलिस के अनुसार, गाने के वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य हैं जिन्हें आपत्तिजनक माना गया है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा, गाने में "बादशाला" जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया है, जिसे शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश करने वाला बताया गया है। साथ ही, गाने में महिलाओं और लड़कियों के लिए इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को भी अशोभनीय बताया गया है।
बस और स्कूल के इस्तेमाल की जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो की शूटिंग के दौरान जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस और एक सरकारी स्कूल परिसर का उपयोग किया गया था। अब यह जांच की जा रही है कि इसके लिए संबंधित विभागों से सही अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति इनका इस्तेमाल पाया जाता है, तो जिम्मेदार लोगों पर BNS की धारा 120-बी के तहत भी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पंचकूला पुलिस ने बादशाह को जल्द से जल्द पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भेजा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी भी कर रही हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद गायक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से विवादित गाना 'टटीरी' भी हटा दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी चेतावनी
पुलिस ने यह भी साफ किया है कि अगर कोई व्यक्ति इस गाने से जुड़ी रील या वीडियो बनाकर या शेयर करके आपत्तिजनक कंटेंट फैलाता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications