एकता की थ्रिलर वेब सीरीज ‘अपहरण 2’ का टीजर हुआ लॉन्च, देखने को मिलेगा जबरदस्त एक्शन
नई दिल्ली, 24 फरवरी: एकता कपूर की वेब सीरीज अपहरण 2 का पहला टीजर आज आउट हो गया है। पहले सीज़न की तरह इस बार भी दूसरा चैप्टर धांसू डायलॉगबाजी और एक्शन से भरपूर है। शॉर्ट टीजर में अभिनेता अरुणोदय सिंह गरम-दिमाग पुलिस ऑफिसर रुद्र श्रीवास्तव की भूमिका में नजर आ रहे है। 'अपहरण' की पहली श्रृंखला साल 2018 में रिलीज हुई थी। मेकर्स ने खुद इसका टीजर अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर शेयर किया है।

उत्तराखंड पुलिस में इंस्पेक्टर का किरदार निभा रहे हैं अरुणोदय
अपहरण के दूसरे सीजन में उत्तराखंड पुलिस में इंस्पेक्टर का किरदार निभा रहे अरुणोदय इस बार खतरनाक मिशन पर जाने वाले हैं। टीजर में अरुणोदय का मिजाज और अंदाज दिलचस्प नजर आ रहा है। मेकर्स ने दूसरे सीजन का प्रोमो शेयर करते हुए लिखा कि, लौट आए हैं रुद्र श्रीवास्तव ...एक नरम-दिल और गरम-दिमाग वाला पुलिस अधिकारी! यूपी के जाने-माने अपहरण विशेषज्ञ जिनकी अपनी किस्मत के साथ कभी नहीं बनती। लेकिन इस बार किस्मत करेगा एक बड़ा वार। इस चक्कर में, सबका कटेगा दोबारा!

इस बार कहानी विदेश की है
इस सीरीज में अरुणोदय के अलावा सानंद वर्मा और निधि सिंह भी नजर आएंगी। टीजर की शुरुआत अरुणोदय के किरदार से होती है। दृश्य आगे बढ़ते हैं और पता चलता है कि इस बार कहानी बेलग्रेड में पहुंच गयी है। अरुणोदय को एक ऐसे शख्स की तलाश में भेजा जाता है, जो देश पर कोई बड़ा अटैक करने वाला है और उसका चेहरा किसी ने नहीं देखा है। अरुणोदय अपने सीनियर से कहते हैं कि जिस आदमी को पकड़ने के लिए पूरी आर्मी भेजनी चाहिए, उसको पकड़ने जाएंगे हम। ऐसे कामों के लिए पूरे हिंदुस्तान में हमी एक मिले थे आपको।

एक्शन और कॉमेडी की अच्छी जुगलबंदी है अपहरण सीरीज
फिर दृश्य बदलते हैं और वॉइसओवर आता है- हम यहां फेक पासपोर्ट और एक बढ़िया पिस्तौल के सपने सजा रहे थे... इसके बाद अरुणोदय को फाइट करते दिखाया जाता है। ट्रेलर एक्शन और कॉमेडी की अच्छी जुगलबंदी है। यहां दर्शकों को सावधान कर दें कि टीजर में गाली-गलौज भी काफी है। अपहरण का पहला सीजन 2018 में ऑल्ट बालाजी पर रिलीज किया गया था। यह सीजन हिट रहा था। इसका निर्देशन सिद्धार्थ सेनगुप्ता ने किया था। पहले सीजन में माही गिल, निधि सिंह, वरुण बडोला, सानंद वर्मा ने अहम किरदार निभाये थे। निधि सिंह, सानंद और स्नेहिल दीक्षित मेहरा दूसरे सीजन का भी हिस्सा हैं।












Click it and Unblock the Notifications